अमृतसर: अमृतसर शहर में बेसहारा पशुओं की समस्या के समाधान रउनके उपचार और उचित देखभाल के लिए नगर निगम द्वारा झब्बाल रोड पर तैयार किए गए पशु अस्पताल एवं गौशाला का आज केंद्रीय विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. अजय गुप्ता और दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. इंदरबीर सिंह निज्जर ने उद्घाटन किया। इस अवसर पर दोनों विधायकों ने पशु अस्पताल एवं गौशाला में उपलब्ध विभिन्न सुविधाओं का जायजा भी लिया।
इस अवसर पर विधायक डॉ. अजय गुप्ता ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा शहरों में बेसहारा पशुओं की समस्या के समाधान के साथ-साथ पशुओं के स्वास्थ्य, उपचार और देखभाल को सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बेसहारा पशुओं के कारण आम लोगों को होने वाली परेशानियों को कम करने के साथ-साथ इन पशुओं को सुरक्षित स्थान और बेहतर देखभाल उपलब्ध करवाना भी नगर निगम की जिम्मेदारी है।

उन्होंने बताया कि नगर निगम अमृतसर द्वारा झब्बाल रोड पर करीब 2 एकड़ भूमि में पशु अस्पताल एवं गौशाला तैयार की गई है। इस सुविधा में बेसहारा पशुओं को रखने के साथ-साथ उनके उपचार के लिए भी आवश्यक प्रबंध किए गए हैं। पशुओं के उपचार के लिए एक पशु चिकित्सक नियुक्त किया गया है, जबकि पशुओं की रोजाना देखभाल और प्रबंधन के लिए स्टाफ भी तैनात किया गया है।
विधायक डॉ. अजय गुप्ता ने बताया कि नगर निगम द्वारा अब तक सड़कों और सार्वजनिक स्थानों से करीब 60 बेसहारा पशुओं को पकड़कर इस गौशाला में स्थानांतरित किया जा चुका है। आने वाले समय में भी नगर निगम की टीमें शहर के विभिन्न इलाकों से बेसहारा पशुओं को पकड़कर यहां लाएंगी।

विधायक डॉ. इंदरबीर सिंह निज्जर ने कहा कि इस गौशाला में चरणबद्ध तरीके से करीब 400 बेसहारा पशुओं की देखभाल करने की क्षमता होगी। उन्होंने कहा कि पशुओं को सुरक्षित और उचित वातावरण उपलब्ध करवाने के साथ-साथ उनके स्वास्थ्य की नियमित निगरानी और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल उपचार की व्यवस्था की जाएगी।
उन्होंने कहा कि नगर निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा शहर की गलियों, बाजारों और अन्य सार्वजनिक स्थानों से बेसहारा पशुओं को पकड़कर गौशाला में लाया जाएगा। इससे एक ओर सड़कों पर घूमने वाले पशुओं के कारण उत्पन्न होने वाली समस्याओं को कम करने में मदद मिलेगी, वहीं दूसरी ओर पशुओं को सुरक्षित स्थान पर रखकर उनकी उचित देखभाल भी की जा सकेगी।
विधायकों ने कहा कि पशु अस्पताल एवं गौशाला को पशुओं की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विकसित किया गया है। यहां पशुओं को रखने के लिए पर्याप्त स्थान, उपचार की सुविधा और स्टाफ की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। गौशाला के आसपास सड़कों और गलियों के निर्माण का कार्य भी करवाया जाएगा, जिससे यहां आवागमन और प्रबंधन संबंधी कार्यों को और सुचारू बनाया जा सके।

उन्होंने कहा कि इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य बेसहारा पशुओं की देखभाल के साथ-साथ शहरवासियों के लिए भी सुरक्षित और सुचारू वातावरण सुनिश्चित करना है। उन्होंने नगर निगम अधिकारियों को निर्देश दिए कि गौशाला में रखे जाने वाले पशुओं के स्वास्थ्य, साफ-सफाई, चारे और अन्य आवश्यक जरूरतों का विशेष ध्यान रखा जाए।
विधायकों ने कहा कि शहर को स्वच्छ और सुरक्षित बनाने के लिए नगर निगम द्वारा किए जा रहे प्रयासों को और प्रभावी बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि बेसहारा पशुओं की समस्या के स्थायी समाधान के लिए प्रशासन, नगर निगम और संबंधित विभागों द्वारा आपसी तालमेल से कार्य किया जाएगा। इस अवसर पर आम आदमी पार्टी के पदाधिकारी, नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
मेष: दिन शुभ रहेगा...