
जालंधर: जालंधर के पूर्व विधायक शीतल अंगुराल के भतीजे विकास अंगुराल की शुक्रवार की रात तेजधार हथियारों से हमला कर बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। इस सनसनीखेज मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए केस दर्ज करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं आरोपी को रिमांड पर लेकर उसके अन्य साथियों के बारे में पूछताछ की जा रही है। एडीसीपी-2 परमजीत सिंह ने बताया कि विकास अंगुराल निवासी लसूड़ी मोहल्ला, बस्ती दानिशमंदां, जालंधर का तीन युवकों के साथ झगड़ा हुआ था। झगड़े के बाद आरोपियों ने उस पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया जिससे उसकी मौत हो गई। इस संबंध में थाना डिवीजन नंबर 5 में मुकद्दमा नंबर 183, धारा 103(1), 351(3), 3(5) बीएनएस के तहत दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
उल्लेखनीय है कि बस्ती दानिशमंदां के लसूड़ी मोहल्ला के पास रात के समय ‘आप’ से विधायक रहे और वर्तमान में भाजपा नेता शीतल अंगुराल के भतीजे विकास (16) पर कुछ लोगों ने जानलेवा हमला कर दिया था। हमले के दौरान एक हमलावर ने तेजधार हथियार से विकास के दिल पर गंभीर वार किया। इसके बाद आरोपी उसे लहूलुहान हालत में छोड़कर फरार हो गए थे, वहीं गंभीर रूप से घायल विकास को इलाज के लिए जालंधर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी। वहीं घटना के बाद इलाके में रोष फैल गया। वहीं मौके पर कई भाजपा नेता पहुंचे और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
जानकारी के अनुसार विकास की हत्या करने वाले कालू निवासी गाखल के साथ किसी बात को लेकर रंजिश चल रही थी। कालू ने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर विकास को घेर लिया। जान बचाने के लिए विकास एक घर में छिप गया, लेकिन हमलावरों ने उसे घेरकर उस पर जानलेवा हमला कर दिया। दूसरी ओर शीतल अंगुराल ने कहा कि हमला करने वाले युवकों की उम्र करीब 20 से 22 साल के बीच है और वे नशे की हालत में थे। उन्होंने पुलिस प्रशासन से नशे पर सख्ती करने की मांग करते हुए कहा कि आज उनका भतीजा नशे की भेंट चढ़ गया है, कल किसी और के घर का चिराग न बुझ जाए, इसलिए नशा बेचने वालों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। वहीं थाना डिवीजन नंबर 5 के एसएचओ यादविंदर सिंह राणा ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
शनिवार को विकास का अंतिम संस्कार बस्ती दानिशमंदां श्मशानघाट में नम आंखों से किया गया। इस दौरान कांग्रेस पूर्व सांसद सुशील रिंकू समेत कई राजनीतिक और सामाजिक नेता परिवार से दुख साझा करने पहुंचे। बेटे की मौत से मां का रो-रोकर बुरा हाल था और वह बार-बार बेहोश हो रही थी, जिसे देखकर वहां मौजूद लोग भी भावुक हो उठे। स्थानीय लोगों के मुताबिक, आरोपी काली के दो मोबाइल फोन वारदात के दौरान मौके पर गिर गए थे, जिन्हें पुलिस को सौंप दिया गया है। हैरानी की बात यह है कि वारदात के करीब 15 मिनट बाद काली वापस मौके पर आया और लोगों को फोन लौटाने की धमकी देता रहा। इतना ही नहीं, उसने खुलेआम कहा कि जो भी उसके खिलाफ गवाही देगा, उसे जान से मार दिया जाएगा।
मेष: दिन शुभ रहेगा...