Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

अमृतसर में बड़ी आतंकी साजिश नाकाम, हथियार और पेट्रोल बम के साथ 9 आरोपी गिरफ्तार

August 5, 2026

अमृतसर में बड़ी आतंकी साजिश नाकाम, हथियार और पेट्रोल बम के साथ 9 आरोपी गिरफ्तार

अमृतसर: पंजाब पुलिस ने अमृतसर में एक बड़ी आतंकी साजिश को नाकाम कर दिया है। बता दें कि अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 9 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से हथियार, जिंदा कारतूस और पेट्रोल बम बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी विदेश में बैठे आईएसआई से जुड़े लोगों के संपर्क में थे और उनके कहने पर काम कर रहे थे। आरोपी सुरक्षा से जुड़ी जगहों की जानकारी जुटाने और आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देने की तैयारी में थे।

पुलिस ने आरोपियों के पास से 3 पिस्तौल, 9 जिंदा कारतूस और 4 पेट्रोल बम बरामद किए हैं। इसके अलावा, एक चोरी की मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है, जिसका इस्तेमाल आरोपी अपनी गतिविधियों के लिए कर रहे थे।

गिरफ्तार आरोपियों में अमृतसर और तरनतारन के रहने वाले कई युवक शामिल हैं। इनमें पांच बालिग आरोपी और चार नाबालिग भी शामिल हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि कुछ आरोपी हथियारों की सप्लाई और निगरानी जैसे कामों में शामिल थे।

पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपी विदेश में बैठे हैंडलर्स के निर्देश पर काम कर रहे थे। ये लोग युवाओं को गलत गतिविधियों में शामिल करने और सुरक्षा से जुड़ी जानकारियां जुटाने की कोशिश कर रहे थे।

अमृतसर के पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की। जांच के दौरान पता चला कि रेलवे ट्रैक के पास कैमरे लगाए गए थे और उनकी जानकारी बाहर भेजी जा रही थी।

पुलिस ने बताया कि इस मामले में आगे की जांच जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। अधिकारियों ने कहा कि राज्य की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ऐसे नेटवर्क के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें