Last Updated: November 16, 2026

Dainik Savera Times Logo

मोगा पुलिस ने तीन अलग-अलग जगहों से तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार, 38 ग्राम हेरोइन बरामद

November 16, 2026

मोगा पुलिस ने तीन अलग-अलग जगहों से तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार, 38 ग्राम हेरोइन बरामद

मोगा: जिला मोगा पुलिस की ओर से नशा तस्करी के खिलाफ चलाई जा रही मुहिम के तहत तीन अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 38 ग्राम हेरोइन बरामद की है। तीनों मामलों में पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस की इन कार्रवाइयों को जिले में नशा तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा बताया जा रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पहले मामले में थाना सदर मोगा की पुलिस पार्टी गांव घल्लकलां के क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इस दौरान पुलिस को एक खास मुखबिर से सूचना मिली कि सुखविंदर सिंह उर्फ सोनी पुत्र इकबाल सिंह निवासी गांव घल्लकलां, जिला मोगा नशीले पदार्थों की तस्करी में संलिप्त है। पुलिस ने सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 14 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।मामले मे एएसआई पाल सिंह की पुलिस पार्टी ने कार्रवाई को अंजाम दिया।

दूसरे मामले में थाना समालसर की पुलिस ने गांव भलूर के बस स्टैंड के नजदीक गश्त के दौरान सुखजीत सिंह उर्फ जॉनी पुत्र बलविंदर सिंह निवासी गांव भलूर को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के कब्जे से 8 ग्राम हेरोइन बरामद की गई, जिसे पारदर्शी मोमी लिफाफे में रखा गया था। इस मामले में एएसआई मनजिंदर सिंह की पुलिस पार्टी ने आरोपी को काबू किया।

इसी तरह तीसरे मामले में थाना सिटी साउथ मोगा की पुलिस ने डीएम कॉलेज के ग्राउंड के पास कार्रवाई करते हुए निरवैर सिंह पुत्र निर्मल सिंह निवासी बाल्मीकि मंदिर के नजदीक, गांव धूड़कोट, थाना सदर फरीदकोट, जिला फरीदकोट को गिरफ्तार किया। पुलिस पार्टी को गश्त के दौरान मुखबिर से आरोपी के संबंध में सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस ने उसे काबू कर तलाशी ली तो उसके पास से 16 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इस मामले में एएसआई वीरेंद्र कुमार की अगुवाई में पुलिस पार्टी ने कार्रवाई की।

इस प्रकार मोगा पुलिस ने एक ही दिन में तीन अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए कुल 38 ग्राम हेरोइन बरामद की और तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज कर लिए हैं। अब पुलिस द्वारा आरोपियों से पूछताछ कर नशीले पदार्थों की खरीद-फरोख्त के स्रोत और इनके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

📍 Location: मोगा

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें