Last Updated: October 29, 2026

Dainik Savera Times Logo

मोगा पुलिस की नशा तस्करों पर कार्रवाई, चार मामलों में पांच आरोपी गिरफ्तार

October 29, 2026

मोगा पुलिस की नशा तस्करों पर कार्रवाई, चार मामलों में पांच आरोपी गिरफ्तार

मोगा: जिला मोगा पुलिस की ओर से नशा तस्करी के खिलाफ चलाई जा रही मुहिम के तहत अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 68 ग्राम हेरोइन और 53 नशीली गोलियां बरामद की हैं। इस संबंध में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, थाना धर्मकोट के इंस्पेक्टर इंदरजीत सिंह के नेतृत्व में पुलिस पार्टी ने गश्त के दौरान मिली मुखबिर की सूचना के आधार पर गांव किड़ियाल के क्षेत्र से बलविंदर सिंह उर्फ बिंदू निवासी शेरपुर कलां को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 11 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।

इसी तरह थाना सदर मोगा के अंतर्गत सहायक थानेदार चरनजीत सिंह की अगुवाई में पुलिस टीम ने गांव घल्लकलां के क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए निर्मल सिंह उर्फ बिट्टू निवासी गांव बुक्कणवाला, जिला मोगा को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी से 25 ग्राम हेरोइन और 30 नशीली गोलियां बरामद की गईं।

तीसरे मामले में थाना फतेहगढ़ पंजतूर के सहायक थानेदार दर्शन सिंह के नेतृत्व में पुलिस पार्टी ने गांव मद्दारपुर के क्षेत्र से हनी सिंह निवासी आदर्श नगर, चुग्गा रोड, बस्ती धर्मकोट, जिला मोगा को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 10 ग्राम हेरोइन बरामद की।

वहीं थाना कोट ईसे खां के जगमोहन सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने गांव दातेवाला के क्षेत्र में गश्त के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अजय सिंह उर्फ बारा पुत्र जोगिंदर सिंह और सुरजीत सिंह उर्फ सोना पुत्र जसपाल सिंह, निवासी गांव जनेर के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों से 22 ग्राम हेरोइन और 23 नशीली गोलियां बरामद की गईं।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, चारों मामलों में गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस द्वारा नशे की सप्लाई से जुड़े संभावित संपर्कों का पता लगाने के लिए आगे की जांच की जा रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिले में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान जारी रहेगा और नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

📍 Location: मोगा

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें