Last Updated: November 18, 2026

Dainik Savera Times Logo

मोगा में लोकतंत्र का पाठ! विद्यार्थियों ने क्विज और निबंध प्रतियोगिताओं में दिखाया दम, विजेताओं को किया सम्मानित

November 18, 2026

मोगा में लोकतंत्र का पाठ! विद्यार्थियों ने क्विज और निबंध प्रतियोगिताओं में दिखाया दम, विजेताओं को किया सम्मानित

मोगा। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों और मुख्य निर्वाचन अधिकारी, पंजाब के दिशा-निर्देशों के तहत युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया और मतदान के अधिकार के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जिला मोगा में क्विज और निबंध प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं में जिले के सरकारी और निजी हाई व सीनियर सेकेंडरी स्कूलों के नौवीं से बारहवीं कक्षा के विद्यार्थियों के साथ-साथ कॉलेजों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

इस संबंध में जानकारी देते हुए डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि विद्यार्थियों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए इन प्रतियोगिताओं का आयोजन विभिन्न चरणों में करवाया गया। पहले चरण में स्कूल स्तर पर प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें विजेता रहे विद्यार्थियों ने विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र स्तर की प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

उन्होंने बताया कि विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 071-निहाल सिंह वाला (आरक्षित) की प्रतियोगिताएं स्कूल ऑफ एमिनेंस, निहाल सिंह वाला, 072-बाघापुराना की प्रतियोगिताएं पी.एम. श्री सरकारी कन्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल, बाघापुराना, 073-मोगा की प्रतियोगिताएं सरकारी हाई स्कूल, घल्ल कलां तथा 074-धर्मकोट की प्रतियोगिताएं पी.एम. श्री सरकारी कन्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल, धर्मकोट में आयोजित की गईं।

डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र स्तर पर आयोजित निबंध प्रतियोगिताओं में से 10 विजेता विद्यार्थियों और क्विज प्रतियोगिताओं में से 10 विजेता विद्यार्थियों का चयन जिला स्तरीय मुकाबलों के लिए किया गया। इन विद्यार्थियों की जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं 18 नवंबर को डी.एम. कॉलेज ऑफ एजुकेशन, गीता भवन चौक, मोगा में आयोजित की गईं। इस दौरान विद्यार्थियों ने चुनावी प्रक्रिया, लोकतंत्र, मतदान के अधिकार और एक जिम्मेदार नागरिक के कर्तव्यों से जुड़े विषयों पर अपनी जानकारी और प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया गया।

उन्होंने कहा कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य युवा पीढ़ी को मतदान के महत्व से परिचित करवाने के साथ-साथ उनमें जिम्मेदार नागरिक होने की भावना विकसित करना है। लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक नागरिक की भागीदारी बेहद जरूरी है और युवाओं को शुरुआती दौर से ही चुनावी प्रक्रिया के प्रति जागरूक करना समय की आवश्यकता है।

डिप्टी कमिश्नर ने युवाओं से अपील की कि 18 वर्ष की आयु पूरी होते ही अपना वोट अवश्य बनवाएं और भविष्य में होने वाले प्रत्येक चुनाव में अपने मताधिकार का इस्तेमाल करें। उन्होंने कहा कि जागरूक और जिम्मेदार मतदाता ही लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभा सकते हैं।

📍 Location: मोगा

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें