Last Updated: October 4, 2026

Dainik Savera Times Logo

आम आदमी क्लिनिक में ढाई वर्ष में 6.5 लाख से अधिक लोगों ने करवाया नि:शुल्क उपचार

April 27, 2025

आम आदमी क्लिनिक में ढाई वर्ष में 6.5 लाख से अधिक लोगों ने करवाया नि:शुल्क उपचार

नवांशहर: पंजाब सरकार द्वारा राज्य में प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर, मजबूत और नया स्वरूप देने के मंतव्य से शुरू किया गया महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट आम आदमी क्लीनिक लोगों के लिए वरदान साबित हो रहा है। इस संबंध में सिविल सर्जन डा. गुरिंदरजीत सिंह ने अधिक जानकारी देते हुए बताया कि पिछले ढाई वर्ष में जिले के आम आदमी क्लीनिकों में साढ़े छह लाख से अधिक लोग निशुल्क उपचार का लाभ उठा चुके हैं। उन्होंने बताया कि शहीद भगत सिंह नगर जिले में पिछले 31 महीनों में 19 आम आदमी क्लीनिकों से 5,78,751 लोगों ने निशुल्क उपचार का लाभ उठाया है, जबकि 1,94,735 लोगों ने लैब टेस्ट भी करवाए हैं।

उल्लेखनीय है कि जिले में पहला आम आदमी क्लीनिक 15 सितंबर 2022 को राहों में खोला गया था। वर्तमान में जिले में कुल 19 आम आदमी क्लीनिक कार्यरत हैं, जो निशुल्क उपचार के साथ-साथ 80 प्रकार की निशुल्क दवाइयां और 46 प्रकार के निशुल्क डायग्नोस्टिक टेस्ट की सुविधा प्रदान कर रहे हैं। सभी क्लीनिक आईटी सक्षम हैं और डिजिटल मोड के माध्यम से रजिस्टर्ड, चिकित्सा परामर्श, परीक्षण और दवा सुझाव की सुविधा से सुसज्जित हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार ने महत्वपूर्ण फरिश्ते स्कीम शुरू की है, जिसके तहत सड़क दुर्घटनाओं के पीड़ितों को उनकी राष्ट्रीयता, जाति या सामाजिक-आर्थिक स्थिति की परवाह किए बिना निशुल्क उपचार मुहैया करवाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि जो भी व्यक्ति सड़क दुर्घटना में पीड़ित व्यक्ति को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाएगा, उसे दो हजार रुपए की राशि देकर सम्मानित किया जाएगा, जबकि सड़क दुर्घटना में पीड़ित व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाने वाले व्यक्ति से उसकी सहमति के बिना पुलिस या अस्पताल प्रशासन द्वारा कोई पूछताछ नहीं की जाएगी। डा. गुरिंदरजीत सिंह ने एसएमओ को यह सुनिश्चित करने को कहा है कि किसी भी मरीज को दवा खरीदने के लिए बाहर न जाना पड़े। उन्होंने कहा कि सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में निशुल्क दवाओं का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है।

ये भी पढ़ें: अकाली दल के इस वरिष्ठ नेता ने दिया इस्तीफ़ा, पार्टी पर लगाए गंभीर आरोप

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें