
अमृतसरः असम की डिब्रूगढ़ जेल में बंद खडूर साहिब से सांसद और ‘वारिस पंजाब दे’ संगठन के प्रमुख अमृतपाल सिंह को अदालत से बड़ी राहत मिली है। उनकी दादी माता चरण कौर के निधन के बाद अमृतसर की अदालत ने उन्हें अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए एक दिन की कस्टडी पैरोल देने की मंजूरी दे दी है। अमृतपाल सिंह पिछले करीब साढ़े तीन साल से असम की डिब्रूगढ़ जेल में बंद हैं।
दादी के निधन के बाद परिवार ने मांगी थी राहत
जानकारी के मुताबिक अमृतपाल सिंह की दादी माता चरण कौर का निधन हो गया था। इसके बाद उनके परिवार की ओर से अदालत में याचिका दायर की गई थी। अमृतपाल सिंह के वकील ने अदालत को बताया कि परिवार में शोक का माहौल है और धार्मिक व पारिवारिक रस्मों में अमृतपाल सिंह की मौजूदगी बेहद जरूरी है।
वकील की ओर से अमृतपाल सिंह के साथ हरजीत सिंह और सुखमनदीप सिंह के लिए भी 14 नवंबर से 17 नवंबर तक अंतरिम जमानत की मांग की गई थी, ताकि तीनों परिवार की ओर से तय किए गए कार्यक्रमों में शामिल हो सकें।
14 नवंबर को होगा अंतिम संस्कार
अमृतपाल सिंह के वकील कर्मवीर सिंह ने अदालत में बताया कि माता चरण कौर का अंतिम संस्कार 14 नवंबर को किया जाएगा। इसके बाद 15 नवंबर को उनकी अस्थियों का जल प्रवाह किया जाएगा। इसी दिन श्री अखंड पाठ साहिब का आरंभ भी होगा।
17 नवंबर को होगा भोग और अंतिम अरदास का कार्यक्रम
परिवार की ओर से 17 नवंबर को श्री अखंड पाठ साहिब के भोग और अंतिम अरदास का कार्यक्रम रखा गया है। वकील ने अदालत में दलील दी कि ये सभी धार्मिक और पारिवारिक कार्यक्रम हैं और इनमें परिवार के सदस्यों की मौजूदगी जरूरी है।
अदालत ने दी एक दिन की कस्टडी पैरोल
परिवार की ओर से कई दिनों की अंतरिम जमानत मांगी गई थी, लेकिन अदालत ने अमृतपाल सिंह को एक दिन की कस्टडी पैरोल देने की मंजूरी दी है। इसके तहत वह पुलिस सुरक्षा और हिरासत में रहते हुए अपनी दादी के अंतिम संस्कार में शामिल हो सकेंगे।
मेष: दिन शुभ रहेगा...