सुल्तानपुर लोधी : सुल्तानपुर लोधी-तलवंडी चौधरियां मार्ग पर अर्बन एस्टेट कॉलोनी के निकास द्वार के बाहर शनिवार को 1 तेज रफ्तार बेकाबू ऑडी कार ने जमकर कहर बरपाया। HR 26 BW 0099 नंबर की ऑडी कार ने दो मोटरसाइकिलों को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे 2 मासूम बच्चों सहित 4 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में घायल 12 और 15 वर्षीय दोनों बच्चों की हालत नाजुक बताई जा रही है। उन्हें उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसे में घायल बच्चों की पहचान बबलू पुत्र दर्शन लाल (15) और दीपक कुमार पुत्र राजिंदर कुमार (12), निवासी मोहल्ला पंडोरी, सुल्तानपुर लोधी के रूप में हुई है। दोनों बच्चे दुर्घटना के दौरान मोटरसाइकिल की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें सुल्तानपुर लोधी के निजी अस्पताल में उपचार के लिए पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।
वहीं, दूसरी मोटरसाइकिल पर सवार लखप्रीत सिंह और संदीप सिंह निवासी शाहकोट क्षेत्र भी हादसे में घायल हो गए। बताया जा रहा है कि दोनों एक विवाह समारोह में शामिल होने के लिए जा रहे थे। दुर्घटना के बाद उन्हें उपचार के लिए सिविल अस्पताल सुल्तानपुर लोधी में भर्ती करवाया गया। हादसा इतना भीषण था कि टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। मौके पर चीख-पुकार मच गई और कुछ ही देर में बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हो गए। स्थानीय लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। हादसे की सूचना मिलते ही घायलों के परिजन भी मौके पर पहुंच गए।
चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर परिजनों ने लगाया धरना
दो मासूम बच्चों सहित चार लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की खबर से परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी रोष फैल गया। गुस्साए परिजनों ने सड़क पर धरना लगाकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस मौके पर परिवार के सदस्यों ने कहा कि HR 26 BW 0099 नंबर की ऑडी कार का चालक तेज रफ्तार से वाहन चला रहा था, जिसकी वजह से दो मासूम बच्चे उसकी गाड़ी की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि दो अन्य लोग भी इस दुर्घटना में घायल हुए हैं। परिजनों ने आरोप लगाया कि चालक की लापरवाही के कारण यह दर्दनाक हादसा हुआ है।