Site icon Dainik Savera Times

माता वैष्णो देवी जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए खुशखबरी, लुधियाना-जालंधर से शुरू होगी AC वॉल्वो बस सेवा

AC Volvo bus service

AC Volvo bus service

पंजाब डेस्क: मां वैष्णो देवी के दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं को अब सफर के दौरान बड़ी सुविधा मिलने जा रही है। पंजाब रोडवेज ने पहली बार लुधियाना और जालंधर से जम्मू-कटरा के लिए एसी वॉल्वो बस सेवा शुरू करने का निर्णय लिया है। शुरुआती तकनीकी और समय-सारिणी से जुड़े इंतजाम पूरे होने के बाद यह सेवा सोमवार से नियमित रूप से संचालित की जाएगी।

ट्रेनों की लंबी वेटिंग और महंगे किराए से मिलेगी राहत

त्योहारों और छुट्टियों के दौरान कटरा जाने वाली ट्रेनों में अक्सर लंबी वेटिंग रहती है, जबकि निजी वॉल्वो बसों का किराया भी काफी अधिक होता है। नई सरकारी वॉल्वो सेवा शुरू होने से यात्रियों को किफायती किराए पर आरामदायक यात्रा का विकल्प मिलेगा, जिससे सफर पहले से अधिक सुविधाजनक होगा।

लुधियाना से चलेगी सुपरफास्ट वॉल्वो

पंजाब रोडवेज की सुपरफास्ट एसी वॉल्वो बस लुधियाना से रवाना होगी और जालंधर बस स्टैंड से यात्रियों को लेकर जम्मू-कटरा के लिए आगे बढ़ेगी। इससे दो बड़े शहरों के श्रद्धालुओं को सीधे धार्मिक यात्रा का लाभ मिलेगा।

ये भी पढ़ें…

नई बसों की खरीद से खुला नया रास्ता

पंजाब रोडवेज ने हाल ही में यूरो-6 तकनीक से लैस नई वॉल्वो बसें अपने बेड़े में शामिल की हैं। इन आधुनिक बसों को दिल्ली एयरपोर्ट रूट पर लगाया गया है। इसके बाद वहां पहले से चल रही वॉल्वो बसों को नए और अधिक मांग वाले रूटों पर स्थानांतरित किया गया है। इसी योजना के तहत जालंधर डिपो को अतिरिक्त बसें मिलने से कटरा रूट पर सेवा शुरू करना संभव हो पाया।

Exit mobile version