Last Updated: October 29, 2026

Dainik Savera Times Logo

स्कूलों के बाहर ट्रैफिक जाम की समस्या पर पुलिस कमिश्नरेट सख्त, स्कूलों को करने होंगे 10 वालंटियर नियुक्त

July 16, 2025

स्कूलों के बाहर ट्रैफिक जाम की समस्या पर पुलिस कमिश्नरेट सख्त, स्कूलों को करने होंगे 10 वालंटियर नियुक्त

लुधियाना Schools: स्कूल समय के दौरान बढ़ते ट्रैफिक जाम को देखते हुए पुलिस कमिश्नरेट ने सख्त रुख अपनाते हुए ठोस कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। मंगलवार को पुलिस कमिश्नर स्वप्न शर्मा की अध्यक्षता में कमिश्नरेट कार्यालय में एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर के प्रमुख स्कूलों के प्रतिनिधियों के साथ ट्रैफिक विंग के वरिष्ठ अधिकारी डी.सी.पी. ट्रैफिक परमिंदर सिंह भंडाल, ए.डी.सी.पी. ट्रैफिक गुरप्रीत कौर पुरेवाल, ए.सी.पी. ट्रैफिक-1 जतिन बंसल और ए.सी.पी. ट्रैफिक-2 गुरप्रीत सिंह विशेष रूप से मौजूद रहे।

इस बैठक में ग्रीनलैंड सीनियर सैकेंडरी स्कूल (जालंधर बाईपास व दुगरी), सैक्रेड हार्ट कॉन्वैंट स्कूल (चंडीगढ़ रोड, साहनेवाल, सराभा नगर), रायन इंटरनैशनल स्कूल, बीसीएम स्कूल (सैक्टर 32 व बसंत एवेन्यू), सचदेवा स्कूल, सतपाल मित्तल स्कूल, गुरु नानक पब्लिक स्कूल सराभा नगर, केवीएम स्कूल सिविल लाइंस और डीएवी स्कूल बीआरएस नगर के प्रतिनिधि शामिल हुए।

स्कूलों को करने होंगे 10 वालंटियर नियुक्त
सी.पी. स्वप्न शर्मा ने बताया कि स्कूल खुलने और छुट्टी के समय ट्रैफिक व्यवस्था को बनाए रखने के लिए प्रत्येक स्कूल को कम से कम 10 ट्रैफिक वालंटियर व मार्शल नियुक्त करने होंगे। यह वालंटियर स्कूल द्वारा नियुक्त किए जाएंगे और ट्रैफिक पुलिस व पीसीआर अधिकारियों के साथ समन्वय में कार्य करेंगे। वहीं पुलिस कमिश्नरेट ने स्पष्ट किया कि बच्चों की सुरक्षा और ट्रैफिक अनुशासन बनाए रखने की दिशा में उनका प्रयास लगातार जारी रहेगा। पुलिस अधिकारियों ने उम्मीद जताई कि स्कूल प्रबंधन और ट्रैफिक विभाग के संयुक्त प्रयासों से स्कूल जोन में ट्रैफिक अव्यवस्था पर अंकुश लगेगा और सड़क सुरक्षा को नया आयाम मिलेगा।

अनधिकृत पार्किग पर सख्ती
कमिश्नर ने स्कूलों के आसपास अनधिकृत पार्किग को पूरी तरह रोकने के सख्त निर्देश दिए हैं, साथ ही स्कूल प्रबंधन व अभिभावकों को ट्रैफिक नियमों का सख्ती से पालन करने की हिदायत दी गई है।

सेफ स्कूल वाहन स्कीम का पालन जरूरी
शहर में चल रही ‘सेफ स्कूल वाहन स्कीम’ के तहत सुरक्षा मानकों का पालन करना अब अनिवार्य कर दिया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि स्कीम के तहत तय नियमों की अनदेखी किसी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें