Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

मनीमाजरा पुलिस ने दिनदहाड़े घर में चोरी करने वाले तीनों चोरों को किया गिरफ़्तार

January 11, 2026

मनीमाजरा पुलिस ने दिनदहाड़े घर में चोरी करने वाले तीनों चोरों को किया गिरफ़्तार

चंडीगढ़: चंडीगढ़ के मनीमाजरा इलाके में दिनदहाड़े चोरी की एक और बड़ी वारदात सामने आई है। पिपली वाला टाउन की आरे वाली गली में एक घर में शुक्रवार को एक चोर ने बेखौफ होकर लाखों रुपए के सोने-चांदी के गहने चोरी कर लिए। चोर ने मकान की पहली मंजिल पर बने कमरे को निशाना बनाया और अलमारी में रखे कीमती जेवरात लेकर फरार हो गया, लेकिन बाद में पुलिस ने इस चोरी समेत हुई अन्य चोरी की वारदातों को सुलझाते हुए सभी चोरों को गिरफ्तार कर लिया। घर के मालिक जगतार सिंह ने बताया कि चोर अलमारी से सोने की अंगूठी, इयर रिंग्स, चांदी की पंजेब और चेन चुराकर ले गया।

घटना के समय मकान के भीतर मिस्त्री काम कर रहे थे, जबकि किराएदार की पत्नी छत पर कपड़े उतार रही थी। इसी दौरान चोर मौका देखकर घर में दाखिल हुआ और चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया। मकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में चोरी की पूरी वारदात कैद हो गई थी। फुटेज में चोर घर के अंदर घुसते और कुछ समय बाद बाहर निकलते हुए साफ दिखाई दे रहा था। चोर ने अपने सिर पर कैप लगा रखी थी, जिससे उसने अपना चेहरा छिपा रखा था, ताकि उसका चेहरा सीसीटीवी में न आ सके।

इससे पता चलता है कि चोर को पहले से मालूम था कि घर में सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। चोर जब आया तो घर का दरवाजा पहले से खुला था। चोर दरवाजे के अंदर आया और फिर बाहर चला गया। इसके बाद बाहर खड़ा होकर कुछ देर इंतजार किया और फिर दोबारा घर के अंदर गया। चोरी की वारदात को अंजाम देने के बाद चोर फरार हो गया था। मनीमाजरा थाना एसएचओ मनिंदर सिंह की सुपरविजन में पुलिस ने चोरी के मामलों में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के गहने, ब्लोअर, मिक्सी ग्राइंडर और तेल के टीन बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनीमाजरा माड़ी वाला टाउन निवासी शमशेर सिंह(32), पिपली वाला टाउन निवासी शंकर रावत (30) और पंचकूला स्थित माजरी चौक के पास बनी झुग्गी निवासी करण उर्फ पैप्सी (23) के रूप में हुई है। गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश कर 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पहला मामला 9 जनवरी दर्ज किया गया था। इस मामले में शिकायतकर्ता अभिनव पाल ने बताया था कि 9 जनवरी को उनकी दुकान नंबर 61, मनीमाजरा हाउसिंग कांप्लैक्स के बाहर से अज्ञात व्यक्ति ब्लोअर और मिक्सी ग्राइंडर चोरी कर ले गया था।

दूसरा मामला भी 9 जनवरी को दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता मनीमाजरा आरे वाली गली निवासी ज्योति शर्मा ने बताया था कि वह 9 जनवरी को दोपहर करीब 2:50 बजे कपड़े सुखाने के लिए छत पर गई थीं। वापस लौटने पर उन्होंने देखा कि अलमारी खुली हुई थी और सामान बिखरा पड़ा था। अज्ञात चोर सोने की एक जोड़ी बालियां, चांदी की दो जोड़ी पायल, चांदी की एक जोड़ी कंगन और चांदी की चेन लाकेट सहित चोरी कर ले गया।

इसके बाद 9 जनवरी को पुलिस ने शमशेर सिंह, शंकर रावत और करण उर्फ पेप्सी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार शमशेर सिंह और शंकर रावत के कब्जे से दुकान से चोरी किया गया ब्लोअर, मिक्सी ग्राइंडर और तेल के दो टीन बरामद किए गए, जबकि करण उर्फ पैप्सी से घर में चोरी किए गए सोने-चांदी के गहने बरामद हुए। तीनों आरोपियों को अदालत में पेश कर 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें