
पंजाब डेस्क: पटियाला नगर निगम ने शहर की सफाई और स्वास्थ्य सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए डेयरियों पर बड़ी कार्रवाई की तैयारी कर ली है। लंबे समय से बाधित हो रही डेयरी शिफ्टिंग योजना को अब सख्ती से लागू करने का फैसला किया गया है। निगम प्रशासन ने शहर की सीमा के भीतर चल रही सभी डेयरियों को 25 दिसंबर तक नई निर्धारित जगहों पर शिफ्ट करने का अल्टीमेटम जारी किया है।
निगम कमिश्नर परमजीत सिंह की अध्यक्षता में हुई अहम बैठक में सभी विभागों के अधिकारी शामिल हुए। बैठक में तय किया गया कि बार-बार नोटिस देने के बावजूद शिफ्टिंग में आ रही देरी को अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि 30 दिसंबर के बाद किसी भी डेयरी को शहर में काम करने की अनुमति नहीं होगी, और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी। इसमें डेयरी मालिकों के पानी व सीवरेज कनेक्शन काटना भी शामिल है।
डेयरी मालिकों को मिल रहा सहयोग, फिर भी जारी रुकावटें
अधिकारियों का कहना है कि डेयरी मालिकों को नई साइट पर शिफ्ट करने के लिए आवश्यक सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं, ताकि उन्हें किसी तरह की परेशानी न हो। इसके बावजूद कई डेयरी ऑपरेटर समय पर स्थानांतरण नहीं कर रहे, जिससे शहर में स्वच्छता संबंधी समस्याएँ बढ़ रही हैं।
मीटिंग में MLA अजीतपाल सिंह कोहली, मेयर कुंदन गोगिया सहित इंजीनियरिंग और सैनिटेशन से जुड़े सीनियर अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने इस बात पर सहमति जताई कि डेयरियों से निकलने वाला गोबर और सीवेज अक्सर सीधे शहर की सीवर लाइन में डाल दिया जाता है, जिससे बार-बार ब्लॉकेज की समस्या खड़ी हो जाती है।
निगम के बजट पर भारी पड़ रही डेयरियों की गंदगी
नगर निगम के अनुसार, इन ब्लॉकेज को हटाने और सीवर सिस्टम को दुरुस्त रखने पर हर साल कई करोड़ रुपये खर्च करने पड़ रहे हैं। यह खर्च निगम के बजट पर अतिरिक्त बोझ बन गया है। इसके अलावा डेयरियों से उठती बदबू और मक्खियों की समस्या से शहरवासियों की सेहत को गंभीर खतरा पैदा हो रहा है।
ये भी पढ़ें: जालंधर में मामूली बात को लेकर बढ़ा विवाद, एक युवक पर हुआ जानलेवा हमला
सफाई और सुरक्षा के लिए जरूरी कदम
मीटिंग के अंत में अधिकारियों ने दोहराया कि शहर की स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और स्वास्थ्य सुरक्षा को बनाए रखने के लिए डेयरियों का शहर से बाहर स्थानांतरण अनिवार्य है। प्रशासन ने साफ संकेत दे दिए हैं कि अब इस मामले में किसी भी तरह की ढिलाई नहीं चलेगी।
मेष: दिन शुभ रहेगा...