Last Updated: October 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

पंजाब पुलिस के ASI की बेटी का कारनामा, जिंदा पिता को मरा बताकर बनाया डेथ सर्टिफिकेट

February 12, 2026

पंजाब पुलिस के ASI की बेटी का कारनामा, जिंदा पिता को मरा बताकर बनाया डेथ सर्टिफिकेट

पंजाब डेस्कः मोगा में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवती ने अपने पिता को मृत बताकर उसका फर्जी डेथ सर्टिफिकेट तैयार करवाया और उसके आधार पर बैंक से स्टडी लोन लेने की कोशिश की। हालांकि उसकी यह जालसाजी ज्यादा समय तक नहीं चल सकी और पुलिस ने उसके खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है।

आरोपी युवती की पहचान लवप्रीत कौर के रूप में हुई है। वह पंजाब पुलिस के कर्मचारी लखवीर सिंह की बेटी है, जो मोगा के थाना बाघापुराना में एएसआई के पद पर तैनात हैं। लवप्रीत ने करीब 35 लाख रुपये के स्टडी लोन के लिए आवेदन किया था। इस मामले में फरीदकोट निवासी राजरेबिंदर सिंह भांगर ने 3 नवंबर 2025 को मोगा के एसएसपी को शिकायत दी थी।

ये भी देखें:-

शिकायत में आरोप लगाया गया कि लवप्रीत कौर, उसके पिता लखवीर सिंह, भाई मनप्रीत सिंह और माता गुरविंदर कौर ने मिलकर लखवीर सिंह का फर्जी मृत्यु प्रमाणपत्र तैयार करवाया और बैंक तथा इमीग्रेशन विभाग को गुमराह करने की कोशिश की। शिकायत के अनुसार, लवप्रीत कौर विदेश में पढ़ाई के लिए लोन लेना चाहती थी। उसने एक निजी कंपनी के माध्यम से लगभग 35 लाख रुपये का स्टडी लोन आवेदन किया, जिसमें उसकी माता गुरविंदर कौर सह-आवेदक थीं। आवेदन में दर्शाया गया कि उसके पिता लखवीर सिंह की मृत्यु हो चुकी है, जबकि वे पंजाब पुलिस में कार्यरत हैं।

जांच के दौरान सामने आया कि लोन आवेदन के साथ लगाया गया मृत्यु प्रमाणपत्र सरकारी रिकॉर्ड में उपलब्ध नहीं है। ई-डिस्ट्रिक्ट पोर्टल पर जांच करने पर पता चला कि उक्त पंजीकरण नंबर किसी अन्य महिला, सुरिंदर कौर, के नाम से जारी प्रमाणपत्र से संबंधित है। इससे दस्तावेज के फर्जी होने की पुष्टि हुई।

जांच में यह भी सामने आया कि लवप्रीत का भाई मनप्रीत सिंह भी पंजाब पुलिस में तैनात था, लेकिन वर्ष 2023 में वह बिना विभाग को सूचित किए अवैध रूप से विदेश चला गया था, जिसके बाद उसकी सेवाएं समाप्त कर दी गई थीं। आशंका जताई जा रही है कि परिवार लोन के माध्यम से लवप्रीत को भी विदेश भेजने की तैयारी में था।

पुलिस जांच के अनुसार, लवप्रीत कौर ने यूके में पढ़ाई के लिए वीजा और लोन प्रक्रिया शुरू की थी। उसने अपने दस्तावेज पहले एक इमीग्रेशन एजेंसी को दिए, जिसके बाद लोन प्रक्रिया के लिए अन्य एजेंटों के माध्यम से दस्तावेज आगे भेजे गए। कथित फर्जी डेथ सर्टिफिकेट भी इसी प्रक्रिया के दौरान जमा हुआ। हालांकि लोन आवेदन स्वीकृत नहीं हुआ।

लखवीर सिंह को जांच में शामिल होने के लिए नोटिस भेजा गया, लेकिन वे पेश नहीं हुए। वहीं, लवप्रीत कौर ने आरोप लगाया कि कुछ एजेंटों ने उसके दस्तावेज और फोटो का दुरुपयोग करते हुए उसकी जानकारी के बिना लोन आवेदन किया और फर्जी डेथ सर्टिफिकेट तैयार किया। हालांकि वह अपने दावों के समर्थन में कोई ठोस सबूत पेश नहीं कर पाई।

पुलिस ने युवती के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस धोखाधड़ी में और कौन-कौन शामिल हो सकता है।

ये भी पढ़ें :-

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें