Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

Punjab Police ने केंद्रीय एजेंसी के साथ संयुक्त अभियान के दौरान पाक-अधारित हथियार तस्करी मॉड्यूल का किया भंडाफोड़

August 29, 2024

Punjab Police ने केंद्रीय एजेंसी के साथ संयुक्त अभियान के दौरान पाक-अधारित हथियार तस्करी मॉड्यूल का किया भंडाफोड़

चंडीगढ़/तरनतारन : मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की सोच के अनुसार पंजाब को सुरक्षित राज्य बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत तरनतारन पुलिस ने केंद्रीय एजेंसी के साथ संयुक्त ऑपरेशन के दौरान पाकिस्तान आधारित हथियार तस्करी मॉड्यूल के दो सदस्यों को तरनतारन के शेरों क्षेत्र से गिरफ्तार कर इस मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। यह जानकारी आज यहां पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने दी हैं।

इस संबंध में जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि इस ऑपरेशन के दौरान पुलिस टीमों ने चार आधुनिक ग्लॉक-19 पिस्टल, जिनमें से एक पर ‘मेड फॉर नाटो आर्मी’ लिखा हुआ था, के साथ चार मैगजीन और सात जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इसके साथ ही 4.8 लाख रुपये की हवाला राशि भी बरामद की गई है। उन्होंने आगे बताया कि पुलिस टीमों ने मारुति स्विफ्ट कार, जिसमें आरोपी जा रहे थे, को भी जब्त कर लिया है।

गिरफ्तार व्यक्तियों की पहचान हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी निवासी चप्पा राम सिंह, जंडियाला गुरु और लवप्रीत सिंह निवासी बासरके, खालरा के रूप में हुई है। गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी अपराधी पृष्ठभूमि वाले हैं और उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट से संबंधित मामले दर्ज हैं। डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी हरप्रीत सिंह पाकिस्तान आधारित तस्कर के सीधे संपर्क में था, जो ड्रोन के माध्यम से सीमा पार से नशीले पदार्थ और हथियाररो की खेप भेजता था। उन्होंने आगे बताया कि इस मामले के आगे पीछे संबंध की गहराई से जांच जारी है ताकि इसके अन्य संबंधों का पता लगाया जा सके।

इस संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी), तरनतारन गौरव तूरा ने प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करते हुए बताया कि तरनतारन की पुलिस टीम शेरों के पास संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान मारुति सुजुकी स्विफ्ट कार बहुत तेज गति से आ रही थी। टीम ने टॉर्च की लाइट का उपयोग कर कार को रोकने का संकेत दिया, लेकिन कार सवारों ने मौके से भागने की कोशिश की और नतीजतन उनकी कार नाके पर लगे बैरिकेड्स से टकरा गई। उन्होंने बताया कि कार में बैठे दो व्यक्तियों को घेर लिया गया और तलाशी के दौरान उनके पास से हथियार और हवाला राशि बरामद की गई।

उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि फरीदकोट जेल में कैद के दौरान हरप्रीत हैप्पी कुछ तस्करों के संपर्क में आया था और इन तस्करों ने उसकी पहचान पाकिस्तान आधारित नशा तस्कर से करवाई थी। एसएसपी ने बताया कि जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि आरोपी हरप्रीत हैप्पी ने कई खेपों में हथियार अपराधी तत्वों तक पहुंचाए थे। उन्होंने आगे बताया कि इस मामले में और पूछताछ की जा रही है और और भी गिरफ्तारियां होने की संभावना हैं।

इस संबंध में एफआईआर नं. 114 दिनांक 29.08.2024 को भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 111, शस्त्र अधिनियम की धारा 25(6) और 25(7) और एनडीपीएस अधिनियम की धारा 27ए के तहत थाना सरहाली, तरनतारन में मामला दर्ज किया गया है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें