Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

पंजाब पुलिस की ड्रग माफिया के खिलाफ कार्रवाई जारी: पटियाला और रूपनगर में ड्रग तस्करों के दो और मकानों पर बुलडोजर चलवाया

February 27, 2025

पंजाब पुलिस की ड्रग माफिया के खिलाफ कार्रवाई जारी: पटियाला और रूपनगर में ड्रग तस्करों के दो और मकानों पर बुलडोजर चलवाया

चंडीगढ़: पंजाब पुलिस ने ड्रग माफिया के खिलाफ अपनी कार्रवाई जारी रखते हुए स्थानीय प्रशासन की मदद से गुरुवार को पटियाला और रूपनगर जिलों में दो ड्रग तस्करों के अवैध रूप से बनाए गए मकानों को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देश पर राज्य सरकार द्वारा चलाए जा रहे ड्रग के खिलाफ निर्णायक युद्ध के तहत की गई।

 

पटियाला में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) पटियाला के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने एक कुख्यात और आदतन ड्रग तस्कर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की, जिसकी पहचान पटियाला के रोड़ी कुट मोहल्ला निवासी रिंकी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, कुख्यात ड्रग तस्कर रिंकी पर एनडीपीएस अधिनियम के तहत 2016 से 2024 के बीच कम से कम 10 प्राथमिकी दर्ज हैं।

 

एसएसपी डॉ. नानक सिंह ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा दिए गए तोड़-फोड़ के आदेश के अनुसार पटियाला पुलिस द्वारा नशा तस्कर के घर को गिरा दिया गया है, जोकि एक अवैध निर्माण था। पटियाला पुलिस नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के लिए प्रतिबद्ध है और भविष्य में भी सीरियल नशा अपराधियों के खिलाफ ऐसी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इसी प्रकार, रूपनगर में जिला पुलिस व प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सलीम मोहम्मद व उसकी पत्नी आशा नामक नशा तस्कर के अवैध रूप से निर्मित मकान को ध्वस्त कर दिया।

इस अवसर पर जानकारी देते हुए डिप्टी कमिश्नर हिमांशु जैन और एसएसपी रूपनगर गुलनीत सिंह खुराना ने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों के बाद जिला रूपनगर में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान चलाया गया।

एसएसपी ने आगे जानकारी देते हुए बताया कि रूपनगर के गांव सदाब्रत निवासी पति-पत्नी दोनों आदतन नशा तस्कर हैं और उन पर एनडीपीएस एक्ट के तहत तीन-तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि दोनों नशे के कारोबार में संलिप्त हैं और इन मामलों में पति-पत्नी से गांजा और नशीला पाउडर भी बरामद किया गया है।

एसएसपी गुलनीत खुराना ने आगे बताया कि आरोपी दंपती ने नशीले पदार्थों के पैसे से अवैध मकान बनाया था, जिसे नगर कौंसिल रूपनगर ने पुलिस की मदद से गिरा दिया।

ये भी पढ़ें: होर्मुज स्ट्रेट हमेशा के लिए खोल रहा हूं, शी जिनपिंग मुझे गले लगा लेंगे: राष्ट्रपति ट्रंप

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें