Last Updated: September 20, 2026

Dainik Savera Times Logo

Punjab Weather: पंजाब में भारी बारिश और तेज तूफान का अलर्ट, मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी

August 2, 2026

Punjab Weather: पंजाब में भारी बारिश और तेज तूफान का अलर्ट, मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी

Punjab Weather Update 2 August: पंजाब में आज मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। हिमाचल प्रदेश से लगते पठानकोट, गुरदासपुर और होशियारपुर जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं, पंजाब के बाकी इलाकों में भी बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ तेज बौछारें पड़ने के आसार हैं।

मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतें। तेज हवा, आंधी और बिजली चमकने के समय खुले स्थानों पर जाने से बचें और सुरक्षित जगहों पर रहें, क्योंकि कुछ क्षेत्रों में बिजली गिरने और तेज हवाओं से नुकसान की संभावना बनी हुई है।

सभी जिलों में बारिश की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार, पंजाब के लगभग सभी जिलों में आज बारिश का असर देखने को मिल सकता है। अमृतसर, तरनतारन, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, पटियाला और मोहाली सहित कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

इसके अलावा फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, श्री मुक्तसर साहिब, मोगा, बठिंडा, बरनाला और मानसा जैसे जिलों में भी बारिश के आसार बने हुए हैं। मौसम विभाग ने खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है।

तापमान सामान्य के करीब

राज्य में तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी हुई है और अब यह सामान्य के करीब पहुंच गया है। बठिंडा में सबसे ज्यादा 37 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। हालांकि, इस बार मानसून में पंजाब में बारिश सामान्य से कम हुई है। अब तक पिछले साल के मुकाबले करीब 33 प्रतिशत कम बारिश रिकॉर्ड की गई है। वहीं, चंडीगढ़ में जुलाई महीने में सामान्य से लगभग 10 प्रतिशत ज्यादा बारिश हुई है।

अगले कुछ दिनों तक जारी रह सकता है बारिश का सिलसिला

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, पंजाब में अभी बारिश के लिए मौसम अनुकूल बना हुआ है। उत्तर भारत में सक्रिय मॉनसून सिस्टम और हिमाचल प्रदेश के ऊपर बने पश्चिमी विक्षोभ के कारण कई इलाकों में बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में पंजाब और चंडीगढ़ में आसमान में बादल छाए रहेंगे। कुछ जगहों पर तेज हवाओं के साथ बारिश और गरज-चमक की स्थिति भी बनी रह सकती है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें