Last Updated: September 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

Punjab Weather : पंजाब में धीरे-धीरे बढ़ रही ठंड, प्रदूषण बना बड़ी समस्या, जानें अपने इलाके का AQI

October 27, 2025

Punjab Weather : पंजाब में धीरे-धीरे बढ़ रही ठंड, प्रदूषण बना बड़ी समस्या, जानें अपने इलाके का AQI

चंडीगढ़: पंजाब में मौसम ने करवट लेनी शुरू कर दी है। राज्य के अधिकांश हिस्सों में तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई है। पिछले 24 घंटों में तापमान 0.1 डिग्री सेल्सियस नीचे आया है, जबकि आज से इसमें करीब 2 डिग्री तक की और गिरावट की संभावना जताई जा रही है। सुबह और रात के समय ठंड का एहसास बढ़ेगा, वहीं दोपहर में हल्की धूप लोगों को राहत दे सकती है। फिलहाल राज्यभर में मौसम शुष्क रहने की उम्मीद है।

प्रदूषण बना बड़ी समस्या

मौसम के बदलते मिज़ाज के बीच हवा की गुणवत्ता चिंताजनक स्तर पर पहुँच चुकी है। वायुमंडलीय दबाव में बने एयरलॉक की वजह से प्रदूषण ज़मीन के पास फंसा हुआ है। पिछले 24 घंटों में पंजाब के कई शहरों में AQI (एयर क्वालिटी इंडेक्स) 500 से ऊपर रिकॉर्ड किया गया जो बेहद खतरनाक स्तर माना जाता है।

रूपनगर का AQI 500, जालंधर का 439, जबकि बठिंडा और लुधियाना में औसतन AQI 200 से ऊपर रहा। राज्य के सभी जिलों में वायु गुणवत्ता ‘खराब’ श्रेणी में दर्ज की गई है। रविवार को पंजाब का औसत AQI 156 रहा। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने खासकर अस्थमा, ब्रोंकाइटिस और एलर्जी से पीड़ित लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी है।

सर्दियों में प्रदूषण क्यों बढ़ जाता है?

सर्दियों के आगमन के साथ ही वायुमंडल में प्रदूषण का स्तर बढ़ने लगता है। ठंडी रातों में जब धरती की सतह से ऊष्मा निकलती है, तो यह गर्म परत 50 से 100 मीटर ऊपर जाकर ठंडी हवा को ऊपर उठने से रोकती है। इससे निचली सतह पर हवा स्थिर हो जाती है और प्रदूषण के कण उसी में फंस जाते हैं। यही कारण है कि सर्दियों में धुंध और स्मॉग की स्थिति बनती है, जिससे सांस लेना कठिन हो जाता है।

ये भी पढ़ें: आधार अपडेट करवाना पड़ेगा महंगा, UIDAI ने बढ़ाई कीमतें, जानें अब कितना करना होगा भुगतान

अगले हफ़्ते कैसा रहेगा तापमान?

मौसम विभाग के अनुसार, 24 से 30 अक्टूबर 2025 के बीच पंजाब में तापमान सामान्य सीमा में रहने की संभावना है।

उत्तरी और पूर्वी ज़िलों में अधिकतम तापमान 26°C से 30°C के बीच रह सकता है।

दक्षिण-पश्चिमी इलाकों में पारा 32°C से 34°C तक जा सकता है।

न्यूनतम तापमान उत्तर और पूर्वी हिस्सों में 12°C से 14°C, माझा क्षेत्र में 10°C से 12°C, जबकि अन्य भागों में 14°C से 16°C तक रहने का अनुमान है।

ये भी पढ़ें : मशहूर रैपर Badshah फिर विवादों में घिरे, हरियाणा महिला आयोग ने भेजा समन; जानें वजह

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें