Punjab Weather Update: पंजाब में सर्दी का असर लगातार तेज़ होता जा रहा है। पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी का सीधा असर मैदानी क्षेत्रों पर दिख रहा है, जिससे ठंडी हवाओं ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। हालांकि आज अधिकांश इलाकों में मौसम साफ बना हुआ है और धूप निकलने की संभावना है, लेकिन सुबह और देर रात ठंड का प्रकोप साफ महसूस किया जा रहा है।
राज्य के अंदरूनी हिस्सों में कोहरा नहीं के बराबर है, लेकिन बाहरी इलाकों और प्रमुख हाईवे पर हल्का कोहरा देखने को मिल रहा है। बीते कई दिनों से सूरज पूरी तरह नहीं निकल पाया है, जिससे तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है।
तापमान में बना हुआ है दिन-रात का बड़ा फासला
मौसम विभाग के अनुसार, पंजाब के कई जिलों में दिन और रात के तापमान के बीच अभी भी काफी अंतर बना हुआ है। बठिंडा में अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि एसबीएस नगर में न्यूनतम तापमान 6.7 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया।
चंडीगढ़ में दिन का तापमान 13 डिग्री और रात का तापमान 9.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। अमृतसर और पटियाला में अधिकतम तापमान 14.6 डिग्री रहा, वहीं न्यूनतम तापमान 8.8 से 11.2 डिग्री के बीच रहा। पठानकोट में ठंड का असर ज्यादा देखा गया, जहां न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री दर्ज किया गया। बठिंडा में रात का तापमान 12.8 डिग्री तक रहा।
लोगों को सतर्क रहने की सलाह
मौसम विभाग और प्रशासन ने लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। वाहन चालकों को कोहरे के दौरान धीमी गति से चलने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है। किसी भी आपात स्थिति में 112 पर संपर्क करने के निर्देश दिए गए हैं। ठंड और कोहरे के कारण सड़क और रेल यातायात प्रभावित होने की आशंका भी जताई गई है।
ये भी पढ़ें: Makar Sankranti 2026 : इस दिन मनाई जाएगी मकर संक्रांति, इन बातों का रखें विशेष ध्यान
3 से 5 जनवरी तक मौसम अलर्ट जारी
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 3 से 5 जनवरी 2026 तक पंजाब के लिए ज़िलेवार मौसम अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, 3 जनवरी को कई इलाकों में घना कोहरा छा सकता है और शीतलहर के साथ ‘कोल्ड डे’ जैसे हालात बन सकते हैं। खासतौर पर दक्षिण-पश्चिम पंजाब में तापमान सामान्य से नीचे रहने की संभावना है।
इसके अलावा कुछ जिलों में हल्की बारिश को लेकर भी चेतावनी जारी की गई है। 4 और 5 जनवरी को कुछ क्षेत्रों में मौसम में हल्का सुधार हो सकता है, लेकिन कई जगहों पर शीतलहर का असर बना रह सकता है। मौसम विभाग लगातार हालात पर नज़र बनाए हुए है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...