Last Updated: November 4, 2026

Dainik Savera Times Logo

Weather Update : पंजाब में फिर बरसेंगे बादल… इन 16 जिलों में बारिश के आसार; जानिए मौसम का हाल

September 16, 2025

Weather Update : पंजाब में फिर बरसेंगे बादल… इन 16 जिलों में बारिश के आसार; जानिए मौसम का हाल

Punjab Weather Update : पंजाब में मानसून अब अपने अंतिम चरण में है और वहीं मौसम विभाग के अनुसार 20 सितंबर तक राज्य से मानसून पूरी तरह विदा हो जाएगा। हालांकि विदाई से पहले आखिरी दौर में कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है, जिससे तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलेगी।

कई जिलों में छाए रहेंगे बादल होगी बूंदाबांदी

मौसम विभाग के मुताबिक 16 सितंबर को कई हिस्सों में बादल छाए रहने के साथ बूंदाबांदी हो सकती है। वहीं 17 और 18 सितंबर को राज्य के विभिन्न जिलों में हल्की बारिश का पूर्वानुमान है। विशेष रूप से पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, होशियारपुर, नवांशहर, रूपनगर और एसएएस नगर (मोहाली) में बादल छाए रहेंगे। इसके अलावा तरनतारन, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, बरनाला, मानसा, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब और पटियाला में भी कई जगहों पर हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना है।

राज्य के प्रमुख शहरों में तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई है। लुधियाना में अधिकतम तापमान 37.6 डिग्री सेल्सियस और पठानकोट में न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। अमृतसर में अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस रहा और यहां अब तक 651.9 मिमी बारिश दर्ज की गई है। जालंधर का तापमान 33 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा और यहां 902.7 मिमी बारिश हुई है। वहीं लुधियाना में अब तक 798.2 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है।

उमस भरी गर्मी से मिलेगी राहत

मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि इस दौरान किसी भी जिले में भारी बारिश या तूफान की चेतावनी नहीं है। हालांकि किसानों को सलाह दी गई है कि वे हल्की बारिश को ध्यान में रखते हुए अपनी फसलों की सुरक्षा और देखभाल के लिए पहले से तैयारी कर लें। बारिश के बाद तापमान में कमी आने से लोगों को उमस भरे मौसम से राहत मिलने की उम्मीद है। पिछले कुछ दिनों से राज्य में बढ़ी हुई गर्मी और उमस से लोग परेशान थे, लेकिन अब मौसम सुहावना बने रहने की संभावना है।

वहीं, पहाड़ी इलाकों में कम बारिश होने से पंजाब की नदियों का जलस्तर लगातार कम बना हुआ है और स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हो रही है। मौसम विभाग का कहना है कि यह हल्की बारिश वातावरण में ठंडक लाने के साथ ही आने वाले दिनों में यात्रा और दैनिक जीवन को भी सुगम बनाएगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें