Last Updated: October 13, 2026

Dainik Savera Times Logo

जालंधर: दोमोरिया पुल पर रेलवे का काम पूरा; फिर भी लोगों को जाम से नहीं मिली राहत

October 13, 2026

जालंधर: दोमोरिया पुल पर रेलवे का काम पूरा; फिर भी लोगों को जाम से नहीं मिली राहत

जालंधर: दमोरिया पुल पर रेलवे का काम पूरा होने के बावजूद लोगों को जाम से राहत नहीं मिल रही है। पुल के नीचे से किशनपुरा चौक और ओल्ड रेलवे रोड को जोड़ने वाला रास्ता अभी बंद है। सोमवार को यहां जमा मलबा हटाने का काम शुरू किया गया, लेकिन रास्ते की ऊंचाई पहले के मुकाबले और कम हो गई है। इस मार्ग से रोजाना हजारों लोग आवाजाही करते हैं। रास्ता खुलने पर लोगों को फ्लाईओवर पर चढ़े बिना सीधे ओल्ड रेलवे रोड से किशनपुरा रोड पहुंचने की सुविधा मिलती है।

 

अब इसके मंगलवार को खुलने की उम्मीद है। दरअसल, दोमोरिया पुल के नीचे रेलवे लाइन पर पुराने गार्डर हटाकर नए पीएससी स्लैब लगाने का काम 6 अक्तूबर को शुरू किया गया था। रेलवे ने इसके लिए 10 अक्तूबर तक का समय निर्धारित किया था। इस दौरान ट्रैफिक और ओएचई ब्लॉक लेकर दोनों तरफ स्लैब लगाने और गार्डर फिट करने का काम पूरा कर लिया गया। रेलवे का काम निर्धारित अवधि में पूरा होने के बाद भी नीचे का रास्ता यातायात के लिए बहाल नहीं हो पाया है। अब रास्ते से मलवा हटाने का काम जारी है।

पुल के नीचे का रास्ता बंद होने से वाहन चालकों को फ्लाईओवर का इस्तेमाल करना पड़ रहा है। वहीं, फ्लाईओवर पर सड़क की मुरम्मत का काम चलने के कारण वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित हो रही है। ऐसे में नीचे के रास्ते की बंदिश और फ्लाईओवर पर चल रहे काम का असर यातायात पर पड़ रहा है। वाहनों की लंबी कतारों के कारण लोगों को जाम में फंसना पड़ रहा है और अपने गंतव्य तक पहुंचने में अतिरिक्त समय लग रहा है। अब लोगों को पुल के नीचे का रास्ता खुलने का इंतजार है, ताकि इस मार्ग पर यातायात का दबाव कम हो सके।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें