Last Updated: November 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

विश्वकर्मा भवन में श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर आयोजित किया गया विशेष समागम

November 25, 2026

विश्वकर्मा भवन में श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर आयोजित किया गया विशेष समागम

मोगा: विश्वकर्मा भवन मोगा में श्री गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में रामगढ़िया वेलफेयर सोसायटी की ओर से संगत के सहयोग से विशेष धार्मिक समागम श्रद्धा एवं उत्साह के साथ आयोजित किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में संगत ने शामिल होकर गुरु चरणों में अपनी हाजिरी लगवाई और गुरबाणी कीर्तन का श्रवण किया। समागम के दौरान सबसे पहले श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के पाठ के भोग डाले गए। इसके उपरांत हेड ग्रंथी भाई चमकौर सिंह ने सरबत के भले की अरदास की। हजूरी रागी भाई परमजीत सिंह के जत्थे ने गुरबाणी का मनोहर कीर्तन कर संगत को निहाल किया। पूरे विश्वकर्मा भवन का वातावरण गुरबाणी के शब्दों से भक्तिमय हो गया।

इस मौके पर चरणजीत सिंह झंडेयाना ने रामगढ़िया वेलफेयर सोसायटी की ओर से समागम में पहुंची संगत का धन्यवाद किया। उन्होंने श्री गुरु नानक देव जी के जीवन, उनकी शिक्षाओं और मानवता को दिए गए संदेशों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गुरु साहिब ने समाज को मेहनत, ईमानदारी, समानता और आपसी भाईचारे का मार्ग दिखाया। उन्होंने संगत को गुरु साहिब के तीन प्रमुख सिद्धांतों ‘किरत करो, नाम जपो और वंड छको’ को अपने जीवन में अपनाने तथा गुरबाणी के उपदेशों पर अमल करने के लिए प्रेरित किया।

समागम का विशेष आकर्षण विश्वकर्मा भवन के निर्माण एवं विकास में आर्थिक सहयोग देने वाले कारोबारियों, उद्योगपतियों और विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों का सम्मान समारोह रहा। रामगढ़िया वेलफेयर सोसायटी के प्रधान हरमेल सिंह डरोली, राजा सिंह भारत वाले, चमकौर सिंह झंडेयाना और पूर्व प्रधान मास्टर इंद्रजीत सिंह ने 11 हजार से 21 हजार रुपये तक का सहयोग देने वाले दानदाताओं को सिरोपे और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।

सम्मानित होने वालों में बलबीर सिंह डरोली, बलवंत सिंह झंडेयाना, बलदेव सिंह भारतवाले, जोगिंदर सिंह सन्नी, चरण सिंह घाली, जतिंदरपाल सिंह सन्नी, हरप्रीत सिंह मालवा, दिलबाग सिंह माधो, भजन सिंह, जगतार सिंह सग्गू, रणजीत सिंह बंटी और गुरनाम सिंह लवली शामिल थे। इसके अलावा विश्वकर्मा भवन में सेवा निभाने वाले सेवादारों को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर पूर्व डीपीआरओ ज्ञान सिंह, महिंदर सिंह कलसी, शरणजीत सिंह जंडू, नरिंदरपाल सिंह सहारन, परमजीत सिंह बिट्टू, जोगिंदर सिंह कोकरी, इंजीनियर प्रीतपाल सिंह, भाई पूर्ण भगत सिंह, हाकम सिंह खोसा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति और संगत मौजूद थी। समागम के अंत में गुरु का अटूट लंगर वितरित किया गया। संगत ने श्रद्धा के साथ लंगर छका और गुरु साहिब की शिक्षाओं को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।

📍 Location: मोगा

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें