
फरीदकोट: जिले के सादिक रोड पर हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार शहीद बलविंदर सिंह नगर की रहने वाली दो महिलाएं, जो रिश्ते में देवरानी-जेठानी थीं, आज सुबह करीब आठ बजे अपनी एक्टिवा पर सवार होकर नहर से पीने का पानी भरने के लिए जा रही थीं। जब वे फरीदकोट के सादिक रोड पर जहाज ग्राउंड के पास पहुंचीं, तभी सामने से आ रही एक तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार दोनों महिलाओं को कई मीटर तक घसीटते हुए ले गई। हादसे में दोनों महिलाओं के सिर पर गंभीर चोटें आईं। उन्हें तुरंत मेडिकल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी। डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान संजना पत्नी मनदीप कुमार (43 वर्ष) और पूजा पत्नी मनोज कुमार (49 वर्ष) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार कार चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश के लिए पुलिस द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
घटना की जानकारी देते हुए मृतकों के एक रिश्तेदार ने बताया कि रोजाना की तरह दोनों देवरानी-जेठानी अपनी एक्टिवा पर सवार होकर सादिक रोड स्थित नहर किनारे लगे नलों से पीने का पानी भरने जाती थीं। आज सुबह भी वे घर से निकली थीं और जैसे ही जहाज ग्राउंड के पास पहुंचीं, सामने से आ रही एक तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ने उन्हें कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से मांग की है कि आरोपी चालक को जल्द गिरफ्तार कर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
आज सुबह एक तेज रफ्तार कार ने पीछे से एक स्कूटी को टक्कर मार दी थी, जिसके कारण स्कूटी पर सवार दोनों महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई थी। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया था। अब पुलिस द्वारा जांच के बाद कार चालक की पहचान कर ली गई है। उक्त व्यक्ति की पहचान रविंदर सिंह के रूप में हुई है, जो फरीदकोट जिले के गांव पिंडी बलोचां, कस्बा सादिक का रहने वाला है। पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ धारा 304 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
📍 Location: Faridkot (फरीदकोट)
मेष: दिन शुभ रहेगा...