
लुधियाना। गुरु नानक पब्लिक स्कूल में आज विशेष बच्चों के लिए खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में बच्चों ने उत्साह के साथ भाग लिया। कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की पत्नी डॉ. मल्लिका नड्डा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। इस दौरान पंजाबी अभिनेता और कॉमेडियन गुरप्रीत घुग्गी भी मौजूद रहे। उन्होंने बच्चों का हौसला बढ़ाया और उनकी प्रतिभा की सराहना की।
कार्यक्रम के दौरान गुरप्रीत घुग्गी ने राजनीतिक पार्टियों को सलाह देते हुए कहा कि जब नेता समाज के हितों और अलग-अलग वर्गों की बात करते हैं, तो उन्हें यह भी याद रखना चाहिए कि विशेष बच्चे भी इसी समाज का अहम हिस्सा हैं। राजनीतिक नेताओं के परिवारों में भी ऐसे बच्चे हो सकते हैं। इसलिए इन बच्चों के प्रति संवेदनशीलता और जिम्मेदारी दिखाना जरूरी है।
बिग बॉस को लेकर क्या बोले गुरप्रीत घुग्गी?
इस दौरान जब गुरप्रीत घुग्गी से बिग बॉस के कंटेस्टेंट लव गिल को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि वह ऐसे रियलिटी शो न तो देखते हैं और न ही उन्हें समर्थन देते हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें हैरानी होती है कि लोग ऐसे कार्यक्रम देखने में इतना समय लगाते हैं। उनके मुताबिक, समाज में कई ऐसे महत्वपूर्ण मुद्दे हैं जिन पर चर्चा करने और ध्यान देने की जरूरत है।
विशेष बच्चों के लिए समाज और सरकार की जिम्मेदारी जरूरी
गुरप्रीत घुग्गी ने विशेष बच्चों के अधिकारों और उनके भविष्य को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि इन बच्चों को आगे बढ़ाने और आत्मनिर्भर बनाने में समाज के साथ-साथ सरकार की भी अहम भूमिका है।
उन्होंने बताया कि कई जगहों पर विशेष बच्चों को रोजगार के अवसर दिए जाते हैं और विशेष रूप से तैयार किए गए रेस्टोरेंट में भी उन्हें काम करने का मौका मिलता है। विदेशों में ऐसे बच्चों की देखभाल और उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने पर विशेष ध्यान दिया जाता है, जबकि हमारे यहां उन्हें उतनी प्राथमिकता नहीं मिलती।
मल्लिका नड्डा ने बच्चों की खुशी पर जताई प्रसन्नता
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डॉ. मल्लिका नड्डा ने भी बच्चों का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने कहा कि यह देखकर बहुत खुशी होती है कि विशेष बच्चों को खेलों से जोड़ा जा रहा है। उन्होंने कहा कि ये बच्चे हमारे समाज और परिवारों का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेते हुए उनके चेहरों पर दिखाई देने वाली खुशी सभी के लिए प्रेरणादायक है। ऐसे आयोजनों से बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने और आत्मविश्वास बढ़ाने का अवसर मिलता है।
27 साल से आयोजित हो रहे हैं खेल आयोजन
स्कूल प्रशासन ने बताया कि गुरु नानक पब्लिक स्कूल में पिछले 27 वर्षों से विशेष बच्चों के लिए खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। स्कूल प्रबंधन के अनुसार, इस तरह के कार्यक्रमों का उद्देश्य बच्चों को खेलों के माध्यम से आगे बढ़ने का अवसर देना और उनका आत्मविश्वास मजबूत करना है। इन प्रयासों से बच्चों में उत्साह बढ़ता है और उन्हें समाज के साथ जुड़ने का मौका मिलता है।
📍 Location: Ludhiana (Ludhiana)