पंजाब डेस्क : खन्ना पुलिस की इंस्पेक्टर राजवंत कौर को उनकी शानदार सेवाओं और सराहनीय कार्यशैली के लिए DGP कमेंडेशन डिस्क से सम्मानित किया गया। यह सम्मान पंजाब पुलिस के डीजीपी गौरव यादव की ओर से प्रदान किया गया, जिसे पुलिस जिला खन्ना की एसएसपी डॉ. दर्पण आहलूवालिया ने औपचारिक रूप से इंस्पेक्टर राजवंत कौर की वर्दी पर लगाकर उन्हें सम्मानित किया।
इस अवसर पर एसपी (एच) हरपिंदर कौर गिल भी मौजूद रहीं। सम्मान समारोह के दौरान अधिकारियों ने इंस्पेक्टर राजवंत कौर के समर्पण, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की।
ईमानदारी और मेहनत को मिला सम्मान
एसएसपी डॉ. दर्पण आहलूवालिया ने कहा कि इंस्पेक्टर राजवंत कौर ने अपनी जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा और मेहनत के साथ निभाया है। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग में ऐसे कर्मी संगठन की मजबूती होते हैं, जो कठिन परिस्थितियों में भी अपने कर्तव्यों को प्राथमिकता देते हैं।
उन्होंने कहा कि राजवंत कौर की कार्यशैली और सेवा भावना अन्य पुलिस कर्मचारियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
पुलिस कर्मियों का बढ़ता है मनोबल
एसपी (एच) हरपिंदर कौर गिल ने भी इंस्पेक्टर राजवंत कौर को बधाई देते हुए कहा कि इस तरह के सम्मान पुलिस कर्मचारियों का उत्साह बढ़ाते हैं। उन्होंने कहा कि विभाग में ईमानदार और मेहनती अधिकारियों की सेवाओं को हमेशा पहचान और सम्मान दिया जाता है।
सम्मान मिलने पर इंस्पेक्टर राजवंत कौर ने जताया आभार
इंस्पेक्टर राजवंत कौर ने सम्मान के लिए अपने वरिष्ठ अधिकारियों का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि उन्हें भविष्य में और अधिक जिम्मेदारी, मेहनत और समर्पण के साथ काम करने के लिए प्रेरित करेगी।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि वह आगे भी पूरी निष्ठा के साथ अपनी सेवाएं जारी रखेंगी। कार्यक्रम में खन्ना पुलिस के कई अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित रहे, जिन्होंने इंस्पेक्टर राजवंत कौर को इस उपलब्धि पर शुभकामनाएं दीं।
मेष: दिन शुभ रहेगा...