चंडीगढ़: पंजाब भाजपा अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने केंद्रीय विदेश मंत्री एस. जयशंकर से कैनेडा में रह रहे भारतीय छात्रों और एनआरआई के लिए एक हेल्पलाइन स्थापित करने का आग्रह किया है, क्योंकि सभी भारत और कनाडा के बीच बढ़ते तनाव के कारण चिंतित हैं। केंद्रीय मंत्री को लिखे पत्र में, जाखड़ ने कैनेडा में रहने वाले भारतीयों की चिंताओं पर प्रकाश डालते हुए भारत सरकार द्वारा सुरक्षा के लिए उठाए जा रहे विभिन्न कदमों और उपायों को सूचीबद्ध करते हुए एक विस्तृत बयान जारी करने का भी आग्रह किया है क्योंकि प्रभावित भारतीयों के पास इस मुद्दे के अंतिम समाधान के लिये एक समय सीमा तय है।
जाखड़ ने लिखा है कि कैनेडा में रहने वाले भारतीयों और विशेष रूप से अध्ययन के लिए विदेश जाने की प्रतीक्षा कर रहे छात्रों में व्याप्त गहरी चिंता, घबराहट और अनिर्णय की भावना को शांत करना जरूरी है। आपके कार्यालय से एक आश्वासन निश्चित रूप से मिलेगा जिससे हमारे छात्रों के संदेह और असुरक्षा की भावना को दूर करना संभव होगा।
प्रदेश भाजपा प्रधान सुनील जाखड़ ने मार्गदर्शन के मामले में अधिकारियों से संपर्क करने के लिए विदेश जाने की योजना बना रहे भारतीय छात्रों के लिए एक व्हाट्सएप नंबर जारी करने का सुझाव दिया है।
उन्होनेे कहा है कि कैनेडा के प्रधानमंत्री ट्रूडो ने केवल अपनी घरेलू राजनीतिक मजबूरियों के दबाव तले भारत के विरूद्ध अनर्गल व दुर्भावनापूर्ण आरोप लगाए हैं। श्री जाखड़ ने उम्मीद जताई कि ट्रूडो को जल्द से जल्द अपनी इस भूल का एहसास होगा और मामला जल्द ही सौहार्दपूर्ण तरीके से हल हो जाएगा। जाखड़ ने कहा कि कोई भी बाहरी व्यक्ति भारत को यह निर्देश नहीं दे सकता कि हमें अपनी संप्रभुता की रक्षा कैसे करनी है। ट्रूडो के गुस्से का कड़ा विरोध करके और सबूत मांगकर भारत सरकार ने सही रुख अपनाया है।