तरनतारन: पंजाब नेशनल बैंक की ओर से चलाए जा रहे स्वच्छता पखवाड़े के तहत जिले में स्वच्छता के साथ पर्यावरण संरक्षण को लेकर भी जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में बैंक स्टाफ और वित्तीय साक्षरता केंद्र चोहला साहिब की टीम ने विभिन्न स्थानों पर पौधारोपण कर लोगों को हरियाली बढ़ाने का संदेश दिया। यह गतिविधि ‘एक माता मां के नाम’ अभियान के तहत पंजाब नेशनल बैंक तरनतारन के मुख्य अग्रणी बैंक प्रबंधक संदीप सहोता के नेतृत्व में आयोजित की गई। बैंक कर्मचारियों और वित्तीय साक्षरता केंद्र की टीम ने पौधे लगाने के साथ उनके संरक्षण और नियमित देखभाल के महत्व पर भी जोर दिया। टीम ने लोगों से घरों, कार्यालयों और सार्वजनिक स्थलों के आसपास अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि पर्यावरण को बेहतर बनाने के लिए पौधारोपण के साथ-साथ लगाए गए पौधों की देखभाल करना भी जरूरी है।
स्वच्छता और हरियाली दोनों जरूरी: संदीप सहोता
मुख्य अग्रणी बैंक प्रबंधक संदीप सहोता ने कहा कि स्वच्छता का मतलब केवल सड़कों और सार्वजनिक स्थानों की सफाई करना नहीं है, बल्कि आसपास के वातावरण को स्वच्छ और हरा-भरा रखना भी इसका अहम हिस्सा है। उन्होंने बताया कि आरबीआई के दिशा-निर्देशों के तहत जिले में विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर आरोह फाउंडेशन और बैंक कर्मचारियों की ओर से स्वच्छता संबंधी गतिविधियां की गई हैं। स्वच्छता पखवाड़े के दौरान लोगों को साफ-सफाई के साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति भी जागरूक किया जा रहा है। सहोता ने कहा कि पेड़ लगाना सामूहिक जिम्मेदारी है, लेकिन पौधा लगाने के बाद उसकी नियमित देखभाल करना उससे भी अधिक महत्वपूर्ण है। उन्होंने लोगों से स्वच्छता को रोजमर्रा की आदत बनाने और पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
मनरेगा श्रमिकों को भी किया जागरूक
कार्यक्रम के दौरान वित्तीय साक्षरता केंद्र चोहला साहिब के केंद्र प्रबंधक हरप्रीत सिंह संधू ने बताया कि जिले के अलग-अलग स्थानों पर मनरेगा श्रमिकों के लिए जागरूकता शिविर भी लगाए गए। शिविरों में श्रमिकों को स्वच्छता के महत्व के बारे में जानकारी दी गई और उन्हें अपने कार्यस्थल तथा आसपास के क्षेत्रों को साफ रखने के लिए प्रेरित किया गया। उन्हें बताया गया कि स्वच्छ वातावरण बनाए रखना केवल सरकारी विभागों की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक की इसमें भूमिका है। इस अवसर पर अधिकारी टुन-टुन सिंह, दलेर सिंह, एफएलसी हरजिंदर कौर, एफएलसी अमनदीप कौर, एफएलसी आशा कौर, सहायक केंद्र प्रबंधक गुरप्रीत सिंह ‘कड गिल’, सहायक प्रबंधक हरमनप्रीत सिंह तथा एलडीएम कार्यालय के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।