पठानकोट: सेहत विभाग की टीम की ओर से स्लम एरिया में विशेष चेकिंग अभिया चलाया गया। इस दौरान घरों की चेंकिंग की गई व एंटी लारवा स्प्रे की गई। जानकारी देते जिला एपिडेमालाजिस्ट डा. साक्षी ने बताया कि सिविल सर्जन डा.अदिति सलारिया के दिशा निर्देशों के तहत पठानकोट में लारवा चेकिंग अभियान लगातार जारी है। ऐसे में स्लम एरिया में टीम की ओर से सर्वे किया गया व लोगों को जागरूक करने के साथ-साथ एंटी लारवा स्प्रे किया गया। बताया कि अभियान का उद्देश्य डेंगू फैलाने वाले मच्छरों के लारवा की पहचान कर उन्हें नष्ट करना और लोगों को इस बीमारी से बचाव के प्रति जागरूक करना है। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने इलाके का दौरा कर घर-घर जाकर पानी की टंकियों, कूलरों, गमलों और अन्य जलभराव वाले स्थानों की जांच की।
एंटी लारवा स्प्रे का छिड़काव किया गया ताकि डेंगू के मच्छरों के पनपने की संभावना को खत्म किया जा सके। वहीं टीम की ओर से लोगों को जागरूक करते हुए बताया गया कि डेंगू से बचाव का सबसे प्रभावी तरीका साफ-सफाई है। उन्होंने लोगों को अपील करते कहा कि अपने घरों और आसपास की जगहों को साफ रखें, खुले में पानी इकट्ठा न होने दें, पानी की टंकियों और बर्तनों को हमेशा ढक कर रखें, और सप्ताह में कम से कम एक बार कूलर का पानी जरूर बदलें। डा.अदिति सलारिया ने बताया कि डेंगू एक गंभीर बीमारी है, लेकिन यदि समय रहते एहतियात बरती जाए तो इससे आसानी से बचा जा सकता है। बताया कि विभाग द्वारा आगे भी यह अभियान जारी रखा जाएगा ताकि शहर को डेंगू मुक्त बनाया जा सके।

