Last Updated: October 8, 2026

Dainik Savera Times Logo

मासूम का किडनैप कर रेप के बाद हत्या करने वाला जिला आरा से गिरफ्तार

January 28, 2024

मासूम का किडनैप कर रेप के बाद हत्या करने वाला जिला आरा से गिरफ्तार

चंडीगढ़: बेरहम किडनैपर…बेरहम बलात्कारी…बेरहम हत्यारे को सैक्टर-31 पुलिस स्टेशन की टीम ने 7 दिनों बाद आखिरकार बिहार के जिला आरा से गिरफ्तार कर एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। पकड़े गए इस हैवान की पहचान 39 साल के हीरा लाल उर्फ गुड्डू के रूप में हुई है, जिसने पहले से दो शादियां की हुई हैं और एक पत्नी से उसके तीन बच्चे हैं, जबकि दूसरी से उसके दो बच्चे हैं। इतना ही नहीं इस हैवान की खुद दो लड़कियां भी है, जो दोनों पत्नियों से एक-एक है। इस खूंखार ने 8 साल की बच्ची को किडनैप कर बलात्कार किया और फिर उसे मार डालने के बाद एक बैग में उसकी लाश ले जाकर रामदरबार के जंगलों में फैंक कर ऊपर कूड़ा डाल दिया था।

पुलिस ने आरोपी को शुक्रवार कोर्ट में पेश किया। जहां अदालत से पुलिस ने उसका 5 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी से पूछताछ कर रही है। सैक्टर-31 पुलिस स्टेशन में शनिवार को प्रेस कान्फ्रैंस के दौरान एसपी सिटी मृदुल ने बताया कि 19 जनवरी को सुबह करीब 11 बजे हल्लोमाजरा निवासी 8 साल की बच्ची अपनी मां के कहने पर बाजार में सिलाई का कुछ सामान लेने घर से निकली थी। घर से चंद कदमों की दूरी पर ही सिलाई की दुकान थी, लेकिन बच्ची वापिस घर पहुंची ही नहीं। जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने बच्ची के मां-बाप के बयान दर्ज किए और जांच में पता चला कि बच्ची सिलाई की दुकान पर पहुंची ही नहीं।

सैक्टर-31 थाना पुलिस ने अज्ञात शख्स के खिलाफ केस दर्ज किया और जब पड़ोस में एक घर की पहली मंजिल में बने कमरे को पुलिस ने चैक किया, तो रजाई में खून मिला, लेकिन आरोपी वहां से निकल चुका था। जिसके बाद सीएफएसएल की टीम भी मौके पर पहुंची और नमूने एकत्र किए थे। उस रूम में एक चाकू भी मिला था, जो पुलिस ने कब्जे में लिया था। पुलिस तीन दिन तक रेलवे स्टेशन, रेलवे ट्रैक, बस स्टैंड, शहर के सभी जंगलों में बच्ची की तलाश में लगी, लेकिन कोई सुराग हाथ नहीं लगा, लेकिन रविवार रात यानि 21 जनवरी को पुलिस को रामदरबार के पास जंगल में बच्ची की लाश मिल गई थी। आरोपी ने वहां लाश दबाकर ऊपर कचरा डाल रखा था।

आरोपी के घर से चाकू, बच्ची का क्लिप, चप्पलें व निक्कर बरामद
पुलिस को आरोपी के घर से चाकू, बच्ची का क्लिप, चप्पलें व निक्कर बरामद हो गई है। वहीं पुलिस अब आरोपी के घर भी दोबारा पहुंची, जिस जगहों पर उसने बच्ची का सिर दीवार पर पटका था, वहां पर भी पुलिस ब्लड सैंपल सीएफएसएल से एकत्र करवाने में जुटी है। वहीं आरोपी के जूते भी सील किए जाने का पुलिस ने प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।

ऐसे पकड़ा गया आरोपी
बच्ची की लाश फैंकने के बाद आरोपी सबसे पहले पंचकूला की तरफ निकला, वहां से घूमने के बाद वह ट्रेन से बिहार की तरफ फरार हो गया। पुलिस की टीम भी उसके मोबाइल की टॉवर लोकेशन खंगालने के बाद उसके पीछे लगी, लेकिन पता चला कि आरोपी की एक पत्नी कलकत्ता में रहती है। जिसके चलते पुलिस की एक टीम विमान के जरिए कलकत्ता के लिए रवाना हुई। आरोपी के पिता से पूछताछ के बाद पता चला कि 15 साल पहले हीरा लाल घर से भाग गया था और उसने जिला आरा के एक मंदिर से तलाशा गया था, जिसके बाद पुलिस जब उस मंदिर में पहुंची, तो आरोपी वहीं से पुलिस के हत्थ चढ़ गया।

किडनैप के बाद किया बलात्कार, फिर दीवार पर सिर पटक कर कत्ल
आरोपी पिछले चार महीनों से हल्लोमाजरा में किराए के मकान में रह रहा था। वह पेंट व अन्य लेबर का काम करता था। 19 तारीख को वह पोल्ट्री फार्म चौक गया, लेकिन काफी देर वहां खड़ा रहने के बाद भी उसे काम नहीं मिला। जिसके बाद उसने शराब के दो पव्वे लिए। जिसमें एक तो उसने वहीं पर ही पी लिया, जबकि एक पव्वा उसने घर आने के बाद पिया, लेकिन रास्ते में उसने चिकन भी लिया। ऐसे में वह नशे में पूरी तरह से धुत था।

एसपी सिटी मृदुल ने बताया कि आरोपी हीरा लाल ने बच्ची को 19 जनवरी को बाजार से कुछ सामान लाने के लिए अपने घर में बुला लिया। जिसके बाद उसने पहले तो बच्ची का बलात्कार किया और फिर उसका सिर दीवार पर पटक दिया, जिस कारण ब्रेन हैमरेज से बच्ची की मौत हो गई। इसके बाद उस हैवान ने बच्ची का शव रजाई में लपेट कर परछत्ती पर छिपा दिया। इसके बाद उसने पड़ोस में रहने वाले लोगों के साथ फिर शराब पी। बाद में उसे लगा कि बच्ची जिंदा न हो, जिसके चलते उसने उसका गला भी रेत डाला।

सीसीटीवी में बैग लेकर जाता दिखाई दिया था
पुलिस ने जब हल्लोमाजरा व आसपास के एरिया में लगे सीसीटीवी चैक किए, तो एक फुटेज में आरोपी एक बैग ले जाता हुआ दिखाई दे रहा था। पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ में पता चला कि बच्ची के शव को वह बैग में ही ले गया था और रामदरबार के जंगलों में उसने फैंक दिया। बाद में वह बैग लेकर वहां से निकल गया और बैग भी उसका ट्रैन में रह गया।

फ्लैशबैक… जानें खूंखार आरोपी का बैकग्राउंड व क्रिमिनल बैकग्राउंड
हीरा लाल उर्फ गुड्डू 7 कक्षा तक पढ़ा-लिखा है। वह मूल रूप से यूपी के जिला अयोध्या के गांव कपराड़ी सुखलई का रहने वाला है, लेकिन ज्यादातर वह कलकत्ता साऊथ में रहा है। उसके खिलाफ बिहार, यूपी व वेस्ट बंगाल में चोरी के कुल 4 केस दर्ज हैं। कुछ केसों में उसे सजा भी हुई है। वहीं कई सालों पहले चंडीगढ़ में सैक्टर-38-वेस्ट में एक लड़की की रेप के बाद हत्या व मलोया के जंगलों में पिछले साल एक महिला की रेप के बाद हत्या के मामले में भी पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।

यह हैं पुलिस के हीरो, दिन-रात तलाश कर कामयाबी हासिल की
एसपी सिटी मृदुल ने कहा कि डीएसपी साऊथ दलबीर सिंह भिंडर की सुपरविजन में एसएचओ-31 राम रत्न शर्मा, एसएचओ-34 बलदेव कुमार व एसएचओ-49 जसबीर सिंह, ने तीन टीमें बनाई थी। जिनमें हल्लोमाजरा चौकी इंचार्ज रवदीप, बुड़ैल चौकी इंचार्ज नवीन, सैक्टर-31 थाने में तैनात सब इंस्पैक्टर प्रतिभा कुमारी, एएसआई धर्मिंद्र सिंह-31, एएसआई अनिल कुमार-31, हवलदार अजयपाल उर्फ पाली-34, कांस्टेबल विकास-31,सुनील-31, मेजर सिंह-31 को शामिल किया गया था। पुलिस की इन टीमों ने दिन -रात कड़ी मशक्कत करते हुए ऐसा घिनौना अपराध करने वाले हैवान को आखिरकार दबोच लिया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें