Last Updated: October 8, 2026

Dainik Savera Times Logo

LPU हिंसा मामले में दो छात्र गिरफ्तार, अदालत ने दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा

October 8, 2026

LPU हिंसा मामले में दो छात्र गिरफ्तार, अदालत ने दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा

जालंधर: लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (एलपीयू) में छात्रा से गलत हरकत की अफवाह के बाद 27 सितंबर की रात भड़की हिंसा के मामले में पुलिस ने राजस्थान और हरियाणा के रहने वाले दो छात्रों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी एलपीयू के छात्र बताए जा रहे हैं। पुलिस ने दोनों को अदालत में पेश किया, जहां से पूछताछ के लिए दो दिन का पुलिस रिमांड मंजूर किया गया।

हिंसक प्रदर्शन के दौरान पुलिस से हुई थी झड़प

27 और 28 सितंबर की रात एलपीयू परिसर के बाहर हिंसक विरोध प्रदर्शन हुआ था। प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प भी हुई थी। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने पुलिस के तीन वाहनों को आग के हवाले कर दिया था। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज करते हुए आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी शुरू की।

राजस्थान और हरियाणा के दो छात्रों की गिरफ्तारी

पुलिस के अनुसार, बुधवार को गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान जयंत पुत्र महेश कुमार मूलचंदानी, निवासी कुनहाड़ी, जिला कोटा (राजस्थान), और आर्यन, निवासी गांव खड़वाली, जिला रोहतक (हरियाणा) के रूप में हुई है।

दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया। पुलिस ने मामले से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाने और आरोपियों से पूछताछ के लिए रिमांड की मांग की थी। अदालत ने दोनों को दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया।

अब तक 27 आरोपी नामजद, 15 गिरफ्तार

पुलिस के मुताबिक मामले में अब तक 27 आरोपियों को नामजद किया जा चुका है, जबकि 15 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। गिरफ्तार आरोपियों में 13 एलपीयू के छात्र बताए गए हैं। पुलिस अन्य नामजद आरोपियों की तलाश में भी जुटी हुई है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें