Last Updated: November 30, 2026

Dainik Savera Times Logo

एसटीपी के आउटलेट में गिर रहा था डाइंग का अनट्रीटेड पानी, संत सींचेवाल की टीम ने पकड़ा

February 8, 2024

एसटीपी के आउटलेट में गिर रहा था डाइंग का अनट्रीटेड पानी, संत सींचेवाल की टीम ने पकड़ा

लुधियानाः (भट्ट)। संत बलबीर सिंह सींचेवाल की टीम इन दिनों बुड्ढा दरिया के किनारे सफाई अभियान में जुटी है। टीम बुधवार दोपहर जब सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट के आउट लेट के पास सफाई कर रही थी तो सीवरेज के आउटलेट से डाइंगों का पानी दरिया में गिर रहा था। टीम के वॉलंटियर्स ने एसटीपी के आउटलेट के अंदर घुसे तो पता चला कि बीच में डाइंग का पानी आउटलेट के पानी से मिक्स हो रहा है। वॉलंटियर्स ने उसके बाद वहां डिच मशीन से खुदाई शुरू की और पता चला कि डाइंगों का पानी आउटलेट में गिर रहा है। उसके बाद वॉलंटियर्स ने इसकी सूचना नगर निगम व पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को दी। देर शाम तक अफसर जांच में जुटे रहे। वहीं दूसरी तरफ डाइंग उद्यमियों का कहना है कि उनके सीईटीपी की पाइप लाइन एसटीपी के आउटलेट से करीब तीन से चार फीट नीचे है तो ऐसे में उनकी पाइप से पानी आउटलेट के पानी में कहां से आएगा।

संत सींचेवाल की टीम का नेतृत्व कर रहे हरदेव सिंह ने बताया कि जब उनकी टीम सफाई कर रही थी तो उन्हें एसटीपी के आउटलेट से रंगीन पानी आता दिखा। जिसके बाद वो पहले एसटीपी के अंदर गए और वहां से निकलने वाला पानी देखा तो वहां पर किसी तरह का रंग नहीं था। फिर उनकी टीम के कुछ सदस्य बुड्ढा दरिया की तरफ से आउटलेट के अंदर घुसे तो पता चला कि उसमें डाइंगों का पानी आ रहा है। उन्होंने बताया कि पता लगाने के लिए वहां पर खुदाई की गई और उससे स्पष्ट हो गया कि डाइंगों का पानी आउट लेट के जरिए दरिया में गिराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जब वहां पर अफसर आए तो इसी बीच वहां सभी डाइंगें बंद करवा दी गई। जिसके बाद पानी का फ्लो रूक गया। उन्होंने कहा कि खुदाई करने पर वहां से टूटे हुए पाइप के टुकड़े भी निकले हैं। दरअसल जहां से आउटलेट में डाइंगों का पानी गिरने की बात की जा रही है वहीं से डाइंगों के सीईटीपी की लाइन भी जा रही है।

पंजाब डायर्स एसोसिएशन के डायरैक्टर कमल चौहान ने बताया कि उनकी सीईटीपी की पाइप काफी नीचे है। जब वहां पर खुदाई की गई उसकी वजह से कुछ लीकेज हो गई। वैसे वहां पर सीईटीपी की पाइप लीक भी नहीं है। उनका कहना है कि उनकी पाइपलाइन आउटलेट से काफी नीचे है। पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के एक्सियन गुरमीत सिंह ने बताया कि इस मामले की जांच चल रही है। अभी तक यह बात सामने आई है कि लीकेज के कारण कुछ पानी का रिसाव हुआ है। उन्होंने बताया कि मौके पर पानी के सैंपल भी लिए गए हैं और बाकी की जांच चल रही है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें