
जालंधर: नगर निगम में 370 कर्मचारियों की रुकी हुई सैलरी और डॉ. बीआर अंबेडकर की प्रतिमा की बेअदबी के विरोध में सफाई कर्मचारी यूनियन ने प्रदर्शन किया। निगम प्रशासन की पहली मंजिल पर पिछले तीन दिनों से चल रहे धरने के बाद कर्मचारियों ने श्री राम चौक पहुंचकर पंजाब सरकार का पुतला फूंका। इस दौरान यूनियन नेता बंटू सभ्रवाल ने निगम कमिश्नर और पंजाब सरकार पर गंभीर आरोप लगाए।
बंटू सभ्रवाल ने कहा कि 370 कर्मचारियों की सैलरी को लेकर धरना तीसरे दिन भी जारी है, लेकिन निगम कमिश्नर की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि सफाई कर्मचारियों, सीवरमैनों और ड्राइवरों की समस्याओं को नजरअंदाज किया जा रहा है। उन्होंने कमिश्नर को दलित विरोधी बताते हुए प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।
प्रदर्शन के दौरान नेताओं ने होशियारपुर में बाबा साहेब डॉ. बीआर अंबेडकर की प्रतिमा की दोबारा हुई बेअदबी पर भी रोष जताया। उनका कहना है कि अधिकारियों के साथ बैठकों के बावजूद मामले में ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
यूनियन नेता ने पंजाब सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए कहा कि सत्ता में आने से पहले कर्मचारियों को कई आश्वासन दिए गए थे, लेकिन आज विभिन्न वर्गों को प्रदर्शन करना पड़ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सोमवार तक 370 कर्मचारियों की सैलरी और अन्य मांगों का समाधान नहीं हुआ, तो शहर में सफाई, कूड़े की लिफ्टिंग और सीवरेज का काम पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा।
📍 Location: जालंधर राम चौक नगर निगम (जालंधर)
मेष: दिन शुभ रहेगा...