Punjab Weather Update: पंजाब में एक बार फिर मौसम का मिज़ाज बदल गया है। आज सुबह से ही मोहाली और चंडीगढ़ सहित कई इलाकों में हल्की बूंदाबांदी देखी गई, जिससे मौसम में ठंडक घुल गई। मौसम विभाग ने 27 मार्च को राज्य के सात ज़िलों के लिए बारिश और तेज़ हवाओं की चेतावनी जारी की है। अनुमान है कि 30 मार्च तक पूरे पंजाब और चंडीगढ़ में मौसम अस्थिर बना रहेगा।
तेज़ हवाओं के साथ बदलेगा मौसम का रुख
मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में हवा की रफ्तार 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है, जो सामान्य जनजीवन को प्रभावित कर सकती है। पिछले 24 घंटों में औसत तापमान में 0.5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जो सामान्य से 3.2 डिग्री अधिक है। पटियाला में अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और चंडीगढ़ में 32.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जिससे दिन के समय गर्मी का एहसास बढ़ा।
इन ज़िलों में बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने पठानकोट, होशियारपुर, नवांशहर, फ़तेहगढ़ साहिब, रूपनगर और पटियाला में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। हालांकि, यह बारिश पूरे क्षेत्र में एक समान नहीं होगी कुछ जगहों पर हल्की फुहारें तो कुछ स्थानों पर तेज़ बारिश हो सकती है। बुधवार को जारी अलर्ट के बावजूद बारिश नहीं हुई थी, लेकिन गुरुवार सुबह से ही कई इलाकों में तेज़ हवाएं चल रही हैं।
पश्चिमी विक्षोभ का असर बढ़ेगा
पहाड़ी क्षेत्रों में सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ और एक चक्रवाती सिस्टम के कारण मौसम में यह बदलाव देखा जा रहा है। इसका प्रभाव न सिर्फ पंजाब बल्कि पूरे उत्तर भारत में महसूस किया जाएगा। फिलहाल असर सीमित है, लेकिन अगले तीन दिनों में मौसम पूरी तरह करवट ले सकता है।
ये भी पढ़ें:
ओलावृष्टि, बर्फबारी और तेज आंधी से बदलेगा मौसम का मिजाज, जानें पहाड़ों से लेकर मैदानों तक मौसम का हाल
आने वाले दिनों में तापमान गिरेगा
मौसम विभाग के निदेशक सुरेंद्र पाल के अनुसार, 27, 28 और 31 मार्च को राज्य के कई हिस्सों में बारिश होगी, जबकि 29 और 30 मार्च को अधिक व्यापक वर्षा की संभावना है। इस दौरान तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।
बारिश के बाद मौसम साफ़ होने की उम्मीद है, लेकिन फिलहाल लोगों को तेज़ हवाओं और बदलते मौसम के लिए सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...