Last Updated: October 9, 2026

Dainik Savera Times Logo

जालंधर रेलवे स्टेशन का 17 जुलाई तक पूरा होगा काम, PM मोदी करेंगे उद्घाटन

July 8, 2026

जालंधर रेलवे स्टेशन का 17 जुलाई तक पूरा होगा काम, PM मोदी करेंगे उद्घाटन

पंजाब डेस्क: जालंधर रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास का कार्य अब अंतिम चरण में पहुंच गया है। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पंजाब में चल रहे रेलवे स्टेशन निर्माण कार्यों को 17 जुलाई तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने जालंधर स्टेशन का निरीक्षण करते हुए बताया कि तय समय सीमा के भीतर सभी जरूरी काम पूरे करने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने कहा कि तैयार होने वाले सभी स्टेशनों का उद्घाटन प्रधानमंत्री द्वारा एक साथ किया जाएगा। हालांकि प्रधानमंत्री के पंजाब दौरे की अंतिम तारीख अभी तय नहीं हुई है और कार्यक्रम में बदलाव की संभावना बनी हुई है।

प्रधानमंत्री के हाथों होगा लोकार्पण

रेल राज्य मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री जब भी पंजाब दौरे पर आएंगे, उसी दौरान तैयार रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन कराया जाएगा। फिलहाल रेलवे और निर्माण एजेंसियों का पूरा ध्यान बाकी बचे कामों को जल्द पूरा करने पर है, ताकि उद्घाटन से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह तैयार हो सकें।

करीब 98 करोड़ रुपये की लागत से हो रहा कायाकल्प

जालंधर रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास पर लगभग 98 करोड़ 89 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इस परियोजना के तहत स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं से युक्त बनाया जा रहा है।

नए स्टेशन में यात्रियों के लिए कई सुविधाओं का विकास किया गया है, जिनमें आधुनिक प्रतीक्षालय, बेहतर प्रवेश और निकास व्यवस्था, दिव्यांग यात्रियों के लिए विशेष सुविधाएं, उन्नत प्रकाश व्यवस्था, आधुनिक शौचालय, आकर्षक स्टेशन भवन अन्य यात्री सुविधाएं शामिल हैं।

तय समय से करीब दो साल पीछे चल रही थी परियोजना

रेल राज्य मंत्री ने बताया कि स्टेशन पुनर्विकास परियोजना अपने निर्धारित समय से लगभग दो साल की देरी से पूरी हो रही है। निर्माण के दौरान तकनीकी और प्रशासनिक कारणों के चलते काम प्रभावित हुआ, लेकिन अब ज्यादातर कार्य पूरे हो चुके हैं और अंतिम चरण के काम तेजी से चल रहे हैं।

2022 में हुआ था परियोजना का शुभारंभ

जालंधर रेलवे स्टेशन पुनर्विकास परियोजना की शुरुआत वर्ष 2022 में हुई थी। प्रधानमंत्री ने इसका शिलान्यास वर्चुअल माध्यम से किया था। इसके बाद स्टेशन को आधुनिक रूप देने का काम शुरू किया गया।

अब स्टेशन का नया स्वरूप जल्द ही यात्रियों के सामने होगा। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, निर्माण कार्य की लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि लक्ष्य के अनुसार स्टेशन को उद्घाटन के लिए तैयार किया जा सके।

ये भी पढ़ें…

पंजाब के कई स्टेशनों को मिल रहा नया स्वरूप

अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत देशभर के प्रमुख रेलवे स्टेशनों को आधुनिक सुविधाओं के साथ विकसित किया जा रहा है। पंजाब में भी कई स्टेशनों का कायाकल्प इसी योजना के तहत किया जा रहा है। रेलवे का उद्देश्य यात्रियों को बेहतर सुविधाएं, आरामदायक माहौल और आधुनिक परिवहन अनुभव उपलब्ध कराना है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें