Last Updated: October 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

संभल हिंसा : मृतकों के परिवारों को सपा देगी 5-5 लाख की आर्थिक सहायता

November 30, 2024

संभल हिंसा : मृतकों के परिवारों को सपा देगी 5-5 लाख की आर्थिक सहायता

लखनऊ : समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पाण्डेय ने शनिवार को कहा कि संभल में हुई हिंसा में मारे गए मृतकों के परिवारों को पार्टी पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देगी। उन्होंने सरकार से उन परिवारों को एक-एक करोड़ रुपये का मुआवजा देने की भी मांग की है।
माता प्रसाद पाण्डेय ने कहा कि आज सपा का प्रतिनिधिमंडल संभल जाना चाहता था, पर सरकार ने रात 12 बजे से ही उसके सदस्यों को घर में नजरबंद कर रखा है। अब संभल जाने का समय खत्म हो गया है। राष्ट्रीय अध्यक्ष से बात करके हर हालत में हमारा प्रतिनिधिमंडल संभल जरूर जाएगा।

मृतकों के परिवारों को एक-एक करोड़ रुपये देने की मांग
उन्होंने कहा, ‘सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने निर्णय लिया है कि जो जो गोली से मरे हैं, सपा अपनी तरफ से (उन्हें) पांच-पांच लाख रुपये देगी। हम लोग सरकार से मांग करेंगे कि मृतकों के परिवारों को एक-एक करोड़ रुपये दे और निष्पक्ष रूप से जांच हो।‘
सपा नेता ने कहा कि अब प्रतिनिधिमंडल किसी और दिन कार्यक्रम बनाकर संभल जाएगा। गुपचुप नहीं सबको बताकर जाएंगे। अभी तय नहीं हुआ, लेकिन जब कार्यक्रम बन जाएगा तो आपको अवगत करा देंगे।

हाई कोर्ट के रिटायर्ड जज से कराई जाए जांच
इसके पहले संभल जाने से रोके जाने पर माता प्रसाद पांडे ने काफी विरोध किया था। विधायक रविदास मल्होत्र धरने पर बैठ गए थे। उन्होंने कहा कि संभल के लोगों को इंसाफ दो। हाई कोर्ट के रिटायर्ड जज से जांच कराई जाए। मृतक परिवार के लोगों को एक-एक करोड़ रुपये मुआवजे के तौर पर दिए जाएं। लखनऊ में शनिवार को विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय के घर के बाहर पुलिस लगा दी गई है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें