Last Updated: October 8, 2026

Dainik Savera Times Logo

मुंबई के खिलाफ आरसीबी की नजरें होंगी टॉप-2 में जगह बनाने पर

May 10, 2026

मुंबई के खिलाफ आरसीबी की नजरें होंगी टॉप-2 में जगह बनाने पर

रायपुर : पिछले 2 मैच में हार से वापसी के लिए बेताब रॉयल चैलेंजर्स बेंगलूर (आरसीबी) को अगर अपना अभियान पटरी पर लाना है तो मुंबई इंडियंस के खिलाफ उसके बल्लेबाजों को दमदार प्रदर्शन करना होगा। आरसीबी ने अपने अभियान की शानदार शुरुआत की थी और अपने पहले 4 मैच जीते थे। तब उसके लिए प्लेऑफ में प्रवेश महज एक औपचारिकता लग रहा था, लेकिन अब स्थिति बदल गई है। आरसीबी अभी 10 मैचों में 12 अंकों के साथ तालिका में तीसरे स्थान पर है और वह प्लेऑफ में पहुंचने का मजबूत दावेदार है।

अब जबकि टूर्नामैंट अपने निर्णायक दौर में पहुंच चुका है तब आरसीबी की लय गड़बड़ाना उसके लिए चिंता का विषय होगा। आरसीबी के बल्लेबाजों को अपनी पिछली असफलता को भूलकर नए सिरे से शुरुआत करनी होगी। गुजरात टाइटंस के खिलाफ अहमदाबाद में उसकी टीम केवल 155 रन ही बना पाई थी जबकि लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ उसे 9 रन से हार का सामना करना पड़ा था। आरसीबी को लखनऊ के खिलाफ जीत के लिए आखिरी ओवर में 19 रन की जरूरत थी, लेकिन वह लक्ष्य के करीब भी नहीं पहुंच सका।

आरसीबी के बल्लेबाजों को अब मुंबई इंडियंस के खिलाफ मजबूत गेंदबाजी आक्रमण का सामना करना होगा। इन गेंदबाजों में जसप्रीत बुमराह, कॉर्बिन बॉश, एएम गजनफर और विल जैक्स शामिल हैं।रायपुर आरसीबी का घरेलू मैदान है, लेकिन उसे यहां की पिच के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं है। आरसीबी के बल्लेबाजों में जैकब बेथेल को बड़ा स्कोर बनाना होगा। ऐसे में उनके सलामी जोड़ीदार विराट कोहली को अतिरिक्त जिम्मेदारी उठानी पड़ रही है। विकेटकीपर बल्लेबाज जितेश शर्मा का प्रदर्शन भी निराशाजनक है।

मुंबई इंडियंस की बात है तो लखनऊ के खिलाफ पिछले मैच में उसने 228 रन के लक्ष्य को आसानी से हासिल किया था। रोहित शर्मा ने चोट से उबरने के बाद वापसी करते 44 गेंदों में 84 रन की तूफानी पारी खेली। रोहित और उनके सलामी जोड़ीदार रयान रिकेल्टन के सामने भुवनेश्वर कुमार और जोश हेजलवुड की जोड़ी का डटकर सामना करने की चुनौती होगी। मुंबई के कप्तान हार्दिक पंड्या पीठ दर्द के कारण लखनऊ के खिलाफ मैच में नहीं खेल पाए थे और सूर्यकुमार यादव ने कप्तानी की थी। हार्दिक टीम से जुड़ गए हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें