Last Updated: October 2, 2026

Dainik Savera Times Logo

एशियाई हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी : जापान को 5-1 से हरा कर टॉप पर भारत

September 10, 2024

एशियाई हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी : जापान को 5-1 से हरा कर टॉप पर भारत

हुलुनबुइर (चीन): सुखजीत सिंह के 2 गोल की मदद से गत चैंपियन भारत ने सोमवार को पुरुष एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी टूर्नामैंट के लीग मैच में जापान को 5-1 से हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की। सुखजीत ने दूसरे और 60वें मिनट में गोल किए जबकि अभिषेक (तीसरे), संजय (17वें) और उत्तम सिंह (54वें) अन्य गोल करने वाले भारतीय खिलाड़ी रहे। मात्सुमोतो काजुमासा ने 41वें मिनट में जापान के लिए एक गोल किया।

रविवार को अपने शुरुआती राऊंड-रॉबिन लीग मैच में चीन को 3-0 से हराने वाली 4 बार की चैंपियन भारतीय टीम को 2 पेनल्टी कॉर्नर मिले जबकि जापान की टीम ने 5 पेनल्टी कॉर्नर हासिल किए। भारत ने मैच के दूसरे मिनट में ही सुखजीत के शानदार मैदानी गोल की बदौलत बढ़त हासिल कर ली। हॉफ टाइम तक 3-0 की बढ़त के साथ भारत अच्छी स्थिति में था जबकि जापान ने शुरुआती झटकों से उबरकर वापसी करने की कोशिश की। टूर्नामैंट के पिछले चरण में तीसरे स्थान पर रहने वाली जापानी टीम ने 21वें मिनट में पेनलटी कॉर्नर हासिल करने के लिए हमले तेज किए, लेकिन जापान के ड्रैग फ्लिकर भारतीयों के सामने नाकाम रहे।

जापान के लिए 41वें मिनट में काजुमासा ने मैदानी गोल कर दिया। भारतीय गोलकीपर कृष्ण पाठक गोल को रोकने के लिए कुछ खास नहीं कर सके। भारत के लिए चौथे गोल का श्रेय जर्मनप्रीत सिंह के अच्छे ‘स्टिक वर्क’ को जाता है जिन्होंने बेहतरीन मैदानी गोल करने में उत्तम सिंह की मदद की। फिर अभिषेक की सहायता से सुखजीत ने 60वें मिनट में अपने नाम एक और गोल किया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें