Last Updated: October 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

WPL 2027 को प्राथमिकता देंगी इंग्लैंड की खिलाड़ी, श्रीलंका के खिलाफ T20 सीरीज छोड़ने की मिल सकती है छूट

October 21, 2026

WPL 2027 को प्राथमिकता देंगी इंग्लैंड की खिलाड़ी, श्रीलंका के खिलाफ T20 सीरीज छोड़ने की मिल सकती है छूट

नई दिल्ली: इंग्लैंड की कप्तान नैट साइवर-ब्रंट सहित अन्य खिलाड़ियों को अगले वर्ष 14 जनवरी से 7 फरवरी तक होने वाली विमेंस प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) 2027 के दौरान राहत मिल सकती है। अगर उनकी संबंधित फ्रेंचाइजी टीमें नॉकआउट चरण में पहुंचती हैं, तो उन्हें श्रीलंका के खिलाफ तीन मुकाबलों की टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज से बाहर रहने की अनुमति होगी।

श्रीलंका क्रिकेट (एसएलसी) ने बुधवार को इस ‘व्हाइट-बॉल’ दौरे के कार्यक्रम की घोषणा की, जिसके तहत 1, 3 और 5 फरवरी को पल्लेकेले में टी20 मैच खेले जाएंगे। ये मुकाबले भारत में 14 से 28 फरवरी तक होने वाली पहली ‘विमेंस टी20 चैंपियंस ट्रॉफी’ की तैयारियों का हिस्सा हैं। इस टूर्नामेंट के बाद, इंग्लैंड की टीम वापस लौटेगी और 4, 6 और 8 मार्च को दांबुला में तीन वनडे मैच खेलेगी।

इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) के एक सूत्र ने बुधवार को ‘आईएएनएस’ को बताया, “अगर इंग्लैंड की खिलाड़ी डब्ल्यूपीएल के नॉकआउट में पहुंचती हैं, तो वे अपनी-अपनी डब्ल्यूपीएल टीमों के लिए खेलना जारी रख सकती हैं। ऐसा इसलिए है, क्योंकि चैंपियंस ट्रॉफी के कार्यक्रम में आखिरी समय में बदलाव हो सकते हैं।”

उल्लेखनीय है कि चैंपियंस ट्रॉफी मूल रूप से जून-जुलाई 2027 में श्रीलंका में होनी थी, लेकिन बाद में आईसीसी ने इसकी तारीखें पहले कर दीं और इसे भारत स्थानांतरित कर दिया। ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि श्रीलंका के क्रिकेट प्रशासन में सरकारी दखल के कारण उनसे मेजबानी के अधिकार छीन लिए गए थे।

मुंबई इंडियंस के लिए खेलने वालीं साइवर-ब्रंट के अलावा, लॉरेन बेल (रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु) और सोफी एक्लेस्टोन (यूपी वॉरियर्स) को 2027 डब्ल्यूपीएल के लिए रिटेन किया गया है। 28 अक्टूबर को कोच्चि में होने वाले डब्ल्यूपीएल मिनी ऑक्शन के लिए इंग्लैंड की सिर्फ दो खिलाड़ियों, सोफिया डंकले और किरा चथली ने पंजीकरण कराया है।

श्रीलंका में होने वाले मुकाबलों के साथ टकराव एक बड़ा कारण था, जिसकी वजह से इंग्लैंड की ज्यादातर खिलाड़ियों ने ऑक्शन और आगामी डब्ल्यूपीएल सीजन के लिए पंजीकरण नहीं कराने का फैसला किया। सूत्र ने बताया, “अगले डब्ल्यूपीएल में इंग्लैंड की पांच खिलाड़ी शामिल हो सकती हैं। बाकी खिलाड़ियों का नीलामी में हिस्सा लेना है या नहीं, यह उनका निजी फैसला है और उन्होंने यही विकल्प चुना है। श्रीलंका ने अगले साल होने वाले अपने दौरे का शेड्यूल जारी कर दिया है, जिसका मतलब है कि डब्ल्यूपीएल के आखिरी चरणों के दौरान कुछ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच भी खेले जाएंगे।”

फिलहाल, श्रीलंका की किसी खिलाड़ी पर इसका असर नहीं पड़ा है, हालांकि कप्तान चामरी अट्टापट्टू और युवा तेज गेंदबाज मिथाली अयोध्या नीलामी में शामिल हैं। ईसीबी पहले भी इस तरह की स्थिति का सामना कर चुका है। साल 2024 डब्ल्यूपीएल के 17 मार्च को खत्म होने के बाद, सोफी, नैट, ऐलिस कैप्सी और डैनी व्याट-हॉज न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज के लिए देरी से पहुंची थीं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें