Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

IND Vs ENG: इंग्लैंड के खिलाफ पहले दो टेस्ट मैचों में नहीं खेलेंगे विराट कोहली

January 24, 2024

IND Vs ENG: इंग्लैंड के खिलाफ पहले दो टेस्ट मैचों में नहीं खेलेंगे विराट कोहली

मुम्बई: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने कहा कि विराट कोहली व्यक्तिगत कारणों से इंग्लैंड के खिलाफ पहले दो टेस्ट मैचों में नहीं खेलेंगे। बीसीसीआई ने आज यहां जारी विज्ञप्ति में कहा, “विराट ने इस बारे में कप्तान रोहित शर्मा, टीम प्रबंधन और चयनकर्ताओं से बात की है और यह भी कहा है कि भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करना उनकी पहली प्राथमिकता है, लेकिन व्यक्तिगत कारणों से वह पहले दो टेस्ट मैचों का हिस्सा नहीं बन पाएंगे।”

कोहली ने इससे पहले दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ ड्रॉ हुई टेस्ट श्रृंखला में खेला था। उन्होंने अफगानिस्तान के साथ टी-20 श्रृंखला में लंबे समय बाद वापसी की थी। बीसीसीआई ने अभी तक कोहली की जगह किसी अन्य खिलाड़ी के नाम की घोषणा नहीं की है, लेकिन दौड़ में सबसे आगे चेतेश्वर पुजारा, रजत पाटीदार, अभिमन्यु ईश्वरन और सरफराज खान शामिल हैं।

पुजारा ने आखिरी बार भारत के लिए पिछले वर्ष विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में खेला था। इस साल की रणजी ट्रॉफी की शुरुआत झारखंड के खिलाफ नाबाद दोहरे शतक और अपने अगले दो मैचों में अच्छा प्रदर्शन करते हुए एक अर्धशतक लगाया। वहीं पाटीदार और सरफराज दोनों ने इंग्लैंड लायंस के दौरे के खिलाफ भारत ए के लिए खेला और प्रभावित किया। पाटीदार ने उनके खिलाफ दोनों टूर गेम और पहले अनौपचारिक टेस्ट में शतक लगाया, जबकि सरफराज ने दोनों मैचों में अर्धशतक बनाए।

अभिमन्यु ने दक्षिण अफ्रीका में टेस्ट के लिए भारत के रिजर्व ओपनर के रूप में घायल रुतुराज गायकवाड़ की जगह ली थी और वर्तमान में भारत ए की कप्तानी कर रहे हैं।उल्लेखनीय है कि भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की श्रृंखला 25 जनवरी को हैदराबाद में शुरु होगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें