Last Updated: October 20, 2026

Dainik Savera Times Logo

KKR से मिली हार पर बोले DC के उभरते ऑलराउंडर, सेट खिलाड़ी आखिरी तक खेलते तो आसानी से जीतते

April 30, 2025

KKR से मिली हार पर बोले DC के उभरते ऑलराउंडर, सेट खिलाड़ी आखिरी तक खेलते तो आसानी से जीतते

KKR vs DC : आईपीएल 2025 में मंगलवार को अरुण जेटली स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) को कोलकाता नाइट राइडर्स के हाथों 14 रनों से हार का सामना करना पड़ा। ऑलराउंडर विप्रज निगम ने स्वीकार किया कि अगर उनके सेट बल्लेबाज अंत तक खेलते तो मेजबान टीम गेम जीत सकती थी।

205 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए, डीसी को उप-कप्तान फाफ डु प्लेसिस और कप्तान अक्षर पटेल के बीच 76 रनों की साझेदारी ने मुकाबले में बरकरार रखा। लेकिन, केकेआर के गेंदबाज सुनील नरेन ने 14वें ओवर में अक्षर और ट्रिस्टन स्टब्स को आउट किया तो सारा समीकरण अचानक से बदल गया। इसके बाद नरेन ने डु प्लेसिस को भी आउट किया।

केकेआर के स्पिनरों के सामने डीसी के बल्लेबाज सरेंडर करते नजर आए। डीसी के 9 विकेट गिरे, जिसमें छह विकेट स्पिन के खिलाफ आए।

ऑलराउंडर विप्रज निगम ने मैच के बाद कहा कि शुरू से ही हमारी योजना उनके मुख्य दो स्पिनरों को निशाना बनाने की थी। हमने शुरुआती दो ओवरों में भी उन्हें निशाना बनाया था और यह अच्छी तरह से हमारे काम भी आया। हमारा विचार यह था कि अगर हम दो अच्छे गेंदबाजों को निशाना बनाते हैं, तो विपक्षी टीम अन्य गेंदबाजों से ज्यादा ओवर कराने के लिए मजबूर हो जाएगी।

निगम ने मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ‘यह वैसा ही था, लेकिन ऐसे क्षण आते हैं, जब शॉट चयन गलत हो जाता है या ऐसा कुछ होता है। फिर ऐसा हुआ कि हमारे सेट खिलाड़ी आउट हो गए। यह ऐसी विकेट थी, जिसमें ऐसी गेंदबाजी लाइन-अप थी कि नए बल्लेबाज के लिए तुरंत आकर शॉट खेलना बहुत मुश्किल था। इसलिए अगर सेट खिलाड़ी खेलते रहे, तो हम आसानी से मैच जीत सकते थे।‘

निगम ने खुद 19 गेंदों पर 38 रन की पारी खेली, लेकिन डीसी को जीत नहीं दिला पाए। उन्होंने कहा, ‘हमारे अभ्यास सत्रों और हमने जो मैच देखे और सीखे, उनमें यह बात सामने आई कि आखिरी गेंद तक रन बनाने की उम्मीद होती है। आखिरी गेंद तक रन बनाने की कोशिश करना हमारे हाथ में था। इसलिए, मैं यही कर रहा था।‘

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें