Lionel Messi Kerala Visit: दिग्गज फुटबॉलर लियोनेल मेसी और अर्जेंटीना की राष्ट्रीय टीम के 2025 में प्रस्तावित केरल दौरे से जुड़े मामले की जांच विशेष जांच दल यानी SIT कर रही है। राज्य सरकार ने इस प्रस्तावित कार्यक्रम में कथित वित्तीय अनियमितताओं की जांच के लिए विशेष टीम का गठन किया है।
SIT इस कार्यक्रम से जुड़े वित्तीय लेन-देन के अलावा उससे संबंधित अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है। जांच के तहत टीम अलग-अलग स्थानों पर निरीक्षण कर रही है। बुधवार सुबह SIT के अधिकारियों ने एक न्यूज चैनल के मुख्यालय में भी कार्रवाई की। चैनल ने आरोप लगाया कि इस कार्रवाई के कारण उसके कामकाज में बाधा पहुंची।
न्यूज चैनल के मुताबिक, अधिकारी करीब आधे घंटे से अधिक समय तक उसके मुख्यालय में मौजूद रहे, लेकिन तलाशी की वजह के बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई। चैनल ने यह भी दावा किया कि पुलिसकर्मियों ने ड्यूटी पर मौजूद पत्रकारों और अन्य कर्मचारियों के निजी मोबाइल फोन अपने कब्जे में ले लिए।
ये भी पढे़ं :–https://dainiksaveratimes.com/sports/ind-vs-afg-richard-pybus-statement/
इस कार्रवाई पर विपक्ष के नेता पिनराई विजयन ने प्रतिक्रिया देते हुए न्यूज चैनल के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई की आलोचना की। उन्होंने इसे मीडिया की स्वतंत्रता से जुड़ा गंभीर मुद्दा बताया है। हालांकि, SIT की जांच प्रस्तावित कार्यक्रम से जुड़े व्यापक वित्तीय और प्रशासनिक पहलुओं पर केंद्रित है।
दरअसल, 13 अगस्त को केरल के मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशन ने 2025 में मेसी और अर्जेंटीना की फुटबॉल टीम को केरल लाने के लिए किए गए प्रयासों की विस्तृत जांच के निर्देश दिए थे। इसके बाद मामले की पड़ताल के लिए SIT गठित की गई। टीम वित्तीय लेन-देन के साथ उन सरकारी फैसलों और मंजूरियों की भी जांच कर रही है, जिनके जरिए इस प्रस्तावित कार्यक्रम को आगे बढ़ाया गया था।
जांच में कोच्चि स्टेडियम सौंपे जाने की परिस्थितियों, सरकारी आदेशों और स्वीकृतियों, कार्यक्रम से जुड़े समझौतों और मेसी तथा अर्जेंटीना की टीम को केरल लाने के सिलसिले में की गई विदेश यात्राओं को भी शामिल किया गया है। यह मामला इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि प्रवर्तन निदेशालय पहले से ही इस परियोजना से जुड़े करीब 126 करोड़ रुपये के कथित विदेशी ट्रांसफर की FEMA के तहत जांच कर रहा है।