Last Updated: September 16, 2026

Dainik Savera Times Logo

फीफा वर्ल्ड कप 2026 से पहले वॉर्म-अप मैचों में दिख सकते हैं लियोनेल मेसी, बोले कोच स्कालोनी

June 6, 2026

फीफा वर्ल्ड कप 2026 से पहले वॉर्म-अप मैचों में दिख सकते हैं लियोनेल मेसी, बोले कोच स्कालोनी

डिफेंडिंग चैंपियन अर्जेंटीना की टीम को वर्ल्ड कप से पहले बड़ी राहत मिल सकती है। टीम के कप्तान लियोनेल मेसी तेजी से चोट से उबर रहे हैं और संभावना है कि वे अमेरिका में होने वाले दो वार्म-अप मुकाबलों में से किसी एक में मैदान पर उतर सकते हैं।

अर्जेंटीना के कोच लियोनेल स्कालोनी ने शुक्रवार को बताया कि मेसी की बाईं हैमस्ट्रिंग में हुआ दर्द अब काफी बेहतर हो रहा है। उन्होंने कहा कि मेसी धीरे-धीरे टीम के साथ ट्रेनिंग में लौट रहे हैं। स्कालोनी के अनुसार, मेसी को होंडुरास के खिलाफ शनिवार को होने वाले मैच या फिर मंगलवार को आइसलैंड के खिलाफ मैच में कुछ मिनट खेलने का मौका मिल सकता है।

कोच ने बताया, “मेसी तेजी से रिकवर हो रहे हैं। उन्होंने टीम के साथ ट्रेनिंग सेशन के दौरान हिस्सा लिया, जो एक अच्छा संकेत है। वह फ्रेंडली मुकाबलों में खेल सकते हैं, लेकिन हम यह तय करेंगे कि वह किस मैच में उतरेंगे।” 38 साल के मेसी को 24 मई को अपने क्लब इंटर मियामी सीएफ के लिए खेलते समय चोट लगी थी। इसके बाद से उन्होंने कोई मैच नहीं खेला है। हालांकि, इस सीजन में उनका प्रदर्शन शानदार रहा है, जहां उन्होंने 14 मुकाबलों में 12 गोल और 8 असिस्ट किए।

ये भी पढ़ें-  https://dainiksaveratimes.com/sports/anand-mahindra-congratulates-r-praggnanandhaa-on-winning-norway-chess-title/

साल 2022 में कतर में खेले गए फीफा वर्ल्ड कप में मेसी ने अर्जेंटीना को चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई थी। उन्होंने इस टूर्नामेंट में दमदार प्रदर्शन करते हुए गोल्डन बॉल जीती थी। फीफा विश्व कप 2026 में अपने खिताब का बचाव करने उतरने जा रही अर्जेंटीना टीम को अपने स्टार खिलाड़ी से एक बार फिर शानदार प्रदर्शन की उम्मीद होगी।

अंतरराष्ट्रीय करियर की बात करें तो मेसी ने अब तक 198 मुकाबलों में 116 गोल किए हैं। वह अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में सर्वाधिक गोल करने वालों की सूची में दूसरे स्थान पर हैं। मेसी ने अब तक सबसे ज्यादा 26 वर्ल्ड कप मैच खेले हैं, जो एक रिकॉर्ड है। मेसी और क्रिस्टियानो रोनाल्डो अपना छठा वर्ल्ड कप खेलने उतरेंगे, जो एक ऑल-टाइम रिकॉर्ड होगा।

अर्जेंटीना की टीम अपने अभियान की शुरुआत 16 जून को कैनसस सिटी में अल्जीरिया के खिलाफ करेगी। इसके बाद 22 जून को टीम की भिड़ंत ऑस्ट्रिया से होगी, जबकि 27 जून को टीम का सामना जॉर्डन से होगा। सभी मुकाबले अर्लिंग्टन, टेक्सास में खेले जाएंगे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें