नई दिल्ली: पाकिस्तानी क्रिकेट एक बार फिर विवादों के घेरे में आ गया है। पाकिस्तान ए टीम के उभरते बल्लेबाज हैदर अली को इंग्लैंड में बलात्कार के आरोप में गिरफ्तार किए जाने की खबर सामने आई है। यह गिरफ्तारी शाहीन टीम के हालिया इंग्लैंड दौरे के दौरान हुई, जिससे पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) की छवि पर बड़ा दाग लग गया है।
मामला क्या है?
ग्रेटर मैनचेस्टर पुलिस ने पुष्टि की है कि 23 जुलाई 2025 को मैनचेस्टर क्षेत्र में एक यौन उत्पीड़न की शिकायत दर्ज की गई थी। पुलिस ने 24 वर्षीय एक युवक को गिरफ्तार किया है, जो वर्तमान में जमानत पर है। हालांकि, आधिकारिक रूप से आरोपी का नाम उजागर नहीं किया गया है, लेकिन रिपोर्ट्स के अनुसार यह खिलाड़ी कोई और नहीं बल्कि हैदर अली हैं।
गिरफ्तारी मैदान से ही हुई
टेलीकॉम एशिया स्पोर्ट्स की रिपोर्ट के मुताबिक, हैदर अली को उस वक्त हिरासत में लिया गया जब वह बेकेनहम ग्राउंड में चल रहे एक मैच में हिस्सा ले रहे थे। शाहीन टीम उस समय एमसीएसएसी के खिलाफ मुकाबला खेल रही थी। बताया जा रहा है कि शिकायतकर्ता भी पाकिस्तानी मूल की एक युवती है।
PCB ने लिया सख्त कदम
जैसे ही PCB को मामले की जानकारी मिली, उन्होंने तुरंत हैदर अली को अनंतिम रूप से निलंबित कर दिया है। बोर्ड के प्रवक्ता ने कहा, “हम मामले की गंभीरता को समझते हैं। जांच पूरी होने तक हैदर को टीम से बाहर रखा गया है और हम इंग्लैंड में कानूनी प्रक्रिया में पूरा सहयोग करेंगे। साथ ही खिलाड़ी को आवश्यक कानूनी सहायता भी उपलब्ध कराई जाएगी।”
पासपोर्ट जब्त, जांच जारी
सूत्रों के अनुसार, हैदर अली को जमानत पर रिहा करने से पहले उनका पासपोर्ट जब्त कर लिया गया है, जिससे वह इंग्लैंड छोड़कर कहीं और न जा सकें। फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।
शाहीन टीम का दौरा समाप्त, खिलाड़ी लौटे घर
पाकिस्तान शाहीन टीम का इंग्लैंड दौरा 17 जुलाई से 6 अगस्त 2025 तक चला। इस दौरान खेले गए दोनों चार दिवसीय मैच ड्रॉ रहे, जबकि वनडे सीरीज़ में शाहीन ने 2-1 से जीत दर्ज की। ज्यादातर खिलाड़ी पहले ही पाकिस्तान लौट चुके हैं, लेकिन हैदर अली इंग्लैंड में ही रुक गए थे।
हैदर अली: प्रतिभा के साथ विवाद भी
हैदर अली ने 2020 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू किया था और अब तक पाकिस्तान के लिए 2 वनडे और 35 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके हैं। हालांकि, उनका करियर विवादों से भी अछूता नहीं रहा है। 2021 में पीएसएल के दौरान कोविड प्रोटोकॉल का उल्लंघन करने पर भी उन्हें निलंबन झेलना पड़ा था।
मेष: दिन शुभ रहेगा...