Last Updated: October 4, 2026

Dainik Savera Times Logo

ऑस्ट्रेलिया में पाकिस्तानी टीम की किरकिरी, होटल का बिल न चुकाने पर सड़क पर भटके खिलाड़ी

February 13, 2026

ऑस्ट्रेलिया में पाकिस्तानी टीम की किरकिरी, होटल का बिल न चुकाने पर सड़क पर भटके खिलाड़ी

खेल डेस्क: ऑस्ट्रेलिया दौरे पर गई पाकिस्तान मेन्स नेशनल फील्ड हॉकी टीम (Pakistan men’s national field hockey team) को कैनबरा में बड़ी शर्मिंदगी का सामना करना पड़ा। आरोप है कि होटल का भुगतान न होने के कारण टीम की बुकिंग रद्द कर दी गई और खिलाड़ियों को घंटों सड़क पर इंतजार करना पड़ा। यह घटना FIH Pro League के दूसरे चरण के दौरान सामने आई, जहां टीम मुकाबले खेलने पहुंची थी।

यह भी पढ़ें: भारतीय टीम ने रचा इतिहास, T20 WC में लगातार 10 जीत दर्ज करने वाली पहली टीम बनी

होटल पहुंचते ही मिला झटका

सूत्रों के मुताबिक, टीम और अधिकारियों के लिए चार सितारा होटल में कमरे बुक होने की बात कही गई थी। खिलाड़ियों को भरोसा दिलाया गया था कि पाकिस्तान हॉकी फेडरेशन और पाकिस्तान स्पोर्ट्स बोर्ड ने अग्रिम भुगतान कर दिया है। लेकिन जब टीम कैनबरा पहुंची तो होटल प्रबंधन ने साफ कर दिया कि न तो कोई बुकिंग दर्ज है और न ही कोई भुगतान मिला है। इसके बाद खिलाड़ी लंबी यात्रा के बाद भी बिना कमरे और खाने-पीने की व्यवस्था के घंटों परेशान रहे।

कोच ने लगाई गुहार

हेड कोच Tahir Zaman ने पाकिस्तान में अधिकारियों से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन समय अंतर और कथित फंड की कमी के कारण तुरंत कोई समाधान नहीं निकल सका। काफी मशक्कत के बाद होटल ने सीमित कमरे उपलब्ध कराए। कमरों की कमी के कारण दो से तीन खिलाड़ियों को एक ही कमरे में रुकना पड़ा। अगले ही दिन टीम को मैदान में उतरना पड़ा, जहां उसे ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 2-3 से हार का सामना करना पड़ा।

प्रदर्शन के मोर्चे पर संघर्ष कर रही टीम 

पाकिस्तान की टीम पहले ही प्रदर्शन के मोर्चे पर संघर्ष कर रही है। ऑस्ट्रेलिया और जर्मनी जैसी मजबूत टीमों के खिलाफ वह लगातार हार झेल रही है। प्रो लीग में टीम अपने शुरुआती छह मैच गंवा चुकी है। यह पहली बार नहीं है जब खिलाड़ियों को ऐसी परेशानी का सामना करना पड़ा हो। इससे पहले अर्जेंटीना में प्रो लीग के पहले चरण के दौरान भी खिलाड़ियों को दैनिक भत्ता समय पर नहीं मिला था, जिससे वे आर्थिक तंगी में फंस गए थे।

मैनेजर विवाद और अंदरूनी कलह

इस दौरे पर टीम नियमित मैनेजर के बिना गई है। पूर्व ओलंपियन Anjum Saeed को कथित विवाद के बाद पद से हटा दिया गया। रिपोर्ट्स के अनुसार, फ्लाइट में धूम्रपान और एयरपोर्ट सुरक्षा से बहस के चलते उन्हें हटाया गया और टीम के साथ नहीं भेजा गया। हालांकि रवाना होने से पहले खिलाड़ियों का दैनिक भत्ता 115 अमेरिकी डॉलर तय किया गया था, लेकिन ताजा घटनाओं ने खेल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

यह भी पढ़ें: ‘मोस्का बंधुओं’ की अटूट शतकीय साझेदारी, इटली ने नेपाल को 10 विकेट से हराया

गिरती साख पर सवाल

हॉकी पाकिस्तान का राष्ट्रीय खेल है और कभी देश ने ओलंपिक और विश्व कप में दबदबा बनाया था। लेकिन मौजूदा हालात प्रशासनिक अव्यवस्था, आर्थिक संकट और अंदरूनी खींचतान की ओर इशारा करते हैं। कैनबरा में स्थानीय पाकिस्तानी समुदाय के कुछ लोगों को आगे आकर मदद करनी पड़ी। यह घटना सिर्फ हार-जीत का मामला नहीं, बल्कि उस सिस्टम की कमजोरी को उजागर करती है, जिसने खिलाड़ियों को मैदान से ज्यादा सड़कों पर संघर्ष करने पर मजबूर कर दिया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें