
नई दिल्ली : अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ के अध्यक्ष कल्याण चौबे ने कहा कि राष्ट्रीय टीम का नया कोच वही बनेगा जो नतीजे दे सकेगा और वे बड़े नामों पर आंख मूंदकर भरोसा नहीं करेंगे। एआईएफएफ की कार्यसमिति जल्दी ही इगोर स्टिमक के जाने के बाद नए कोच को चुनने के लिए बैठक करने वाली है। स्टिमक ने पिछले 12 महीने में भारत के नौ मैच हारने और दो ड्रॉ खेलने के बाद मुख्य कोच के पद से इस्तीफा दे दिया। चौबे ने पीटीआई वीडियो से कहा ,‘‘मेरा मानना है कि नतीजे बहुत मायने रखते हैं। हमें ऐसा कोच चाहिये जो भारतीय फुटबॉल का विकास कर सके।
भारतीय टीम के साथ नतीजे दे सके। भारत को अक्टूबर में वियतनाम में मेजबान वियतनाम और लेबनान के साथ त्रिकोणीय श्रृंखला खेलनी है। चौबे ने कहा कि भारतीय पुरूष फुटबॉल टीम के मुख्य कोच के लिए विज्ञापन के बाद काफी आवेदन आए हैं। उन्होंने कहा ,‘‘ हमें 291 आवेदन मिले जिनमें से 17 नाम चुने गए हैं जिनमें विदेशी और भारतीय दोनों हैं। हम कार्यकारी समिति की बैठक में उन पर चर्चा करेंगे। इसके अलावा तकनीकी समिति के अध्यक्ष आई एम विजयन से भी आनलाइन बात की जाएगी।