Last Updated: October 10, 2026

Dainik Savera Times Logo

राजस्थान : पुलिस, स्थानीय नेता से परेशान होकर बारां में एक व्यक्ति ने की आत्महत्या

December 11, 2024

राजस्थान : पुलिस, स्थानीय नेता से परेशान होकर बारां में एक व्यक्ति ने की आत्महत्या

कोटा : राजस्थान के बारां जिले में एक व्यक्ति ने कथित तौर पर पुलिस और एक स्थानीय नेता के उत्पीड़न से तंग आकर आत्महत्या कर ली। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि व्यक्ति ने अपने सुसाइड नोट में पुलिस एवं स्थानीय नेता पर ‘‘उत्पीड़न’’ का आरोप लगाया है।
अधिकारियों ने बताया कि शुभम सक्सेना (30) के परिवार ने शवगृह के बाहर विरोध प्रदर्शन किया और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए शव को अंतिम संस्कार के लिए ले जाने से इनकार कर दिया।
बारां सिटी पुलिस थाने के क्षेत्र अधिकारी रामविलास मीणा ने बताया कि मंगलवार दोपहर को शुभम सक्सेना का शव फंदे से लटका हुआ मिला।

झूठे मामले बनाकर किया जा रहा था परेशान
क्षेत्र अधिकारी ने बताया कि उसने दो पन्नों का सुसाइड नोट छोड़ा है, जिसमें उसने आरोप लगाया है कि बारां नगर परिषद के पूर्व प्रमुख और कुछ अन्य लोगों के निर्देश पर उसके खिलाफ झूठे मामले बनाकर उसे परेशान किया जा रहा था।
पूर्व राज्य मंत्री प्रमोद जैन भाया भी पीड़ित परिवार के साथ प्रदर्शन में शामिल हुए और कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता क्षेत्र में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को परेशान कर रहे हैं।
मीणा ने बताया कि शुभम के खिलाफ तीन मामले दर्ज हैं, जिसमें बारां नगर परिषद के पूर्व अध्यक्ष कमल राठौर और स्थानीय ठेकेदार ओम प्रकाश गुजर्र द्वारा दर्ज कराए गए मारपीट और लूटपाट के मामले शामिल हैं। शुभम ने राजस्थान उच्च न्यायालय से अंतरिम जमानत हासिल की थी।
मीणा ने बताया कि कुछ दिन पहले शुभम को सार्वजनिक शांति भंग करने के आरोप में गिरफ्तार भी किया गया था।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें