
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बृहस्पतिवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा समर्पित देशभर के सभी 103 अमृत स्टेशन नये भारत की विरासत संरक्षण, विकास संकल्प तथा गति और गौरव के तालमेल का प्रतीक हैं। इनमें 19 स्टेशन उत्तर प्रदेश में हैं। प्रधानमंत्री ने राजस्थान के बीकानेर से अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत देशभर के 103 पुर्निवकसित रेलवे स्टेशन का उद्घाटन किया। इसमें उत्तर प्रदेश के 19 रेलवे स्टेशन भी शामिल हैं।
राज्य सरकार द्वारा यहां जारी एक बयान के मुताबिक, लखनऊ से मुख्यमंत्री आदित्यनाथ इस कार्यक्रम में ऑनलाइन माध्यम से जुड़े। उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए इसे गति और गौरव के उत्तम समन्वय का नया प्रतीक बताया है। उन्होंने कहा कि अमृत स्टेशन नये भारत के संकल्प को साकार करने वाले हैं और ये स्टेशन न केवल आधुनिक सुविधाओं से लैस हैं, बल्कि क्षेत्रीय संस्कृति और कनेक्टिविटी को भी बढ़ावा देंगे।
राज्य सरकार के बयान के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के बलरामपुर, बरेली सिटी, बिजनौर, फतेहाबाद, गोला गोकर्णनाथ, गोवर्धन, गोविंदपुरी, हाथरस सिटी, ईदगाह आगरा, इज्जतनगर, करछना, मैलानी, पुखरायां, रामघाट हॉल्ट, सहारनपुर, सिद्धार्थनगर, सुरेमनपुर, स्वामिनारायण छपिया और उझानी स्टेशनों को इस योजना के तहत नया स्वरूप दिया गया है। देश के 18 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 86 जिलों में स्थित इन 103 स्टेशन को 1,100 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से विकसित किया गया है। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत देशभर में 1,300 से अधिक स्टेशन का पुर्नविकास किया जा रहा है।
ये भी पढ़ें- Himachal News: HPU सहित प्रदेश के कॉलेजों में पढ़ाई होगी महंगी, 12 साल बाद बढ़ी फीस