Last Updated: October 20, 2026

Dainik Savera Times Logo

अब भी सपा सरकार के विकास कार्यों के ही फीते काट रही भाजपा : अखिलेश यादव

May 30, 2025

अब भी सपा सरकार के विकास कार्यों के ही फीते काट रही भाजपा : अखिलेश यादव

लखनऊ। समाजवादी पार्टी (SP) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा शुक्रवार को कानपुर में विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण किए जाने पर तंज करते हुए कहा कि भाजपा सरकार अब भी पूर्ववर्ती सपा सरकार द्वारा कराए गए विकास कार्यों के ही फीते काट रही है। यादव ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में कहा, अब तो कितने बरस भाजपा के शासनकाल के हैं बीते, फिर भी देखो सपा के ही कामों के ये काट रहे हैं फीते। उन्होंने पनकी तापीय विस्तार योजना, नेयवेली लिग्नाइट पावर प्लांट और कानपुर मेट्रो को अपनी सरकार में शुरू की गई परियोजनाएं करार देते हुए कहा, सपा के काम, जनता के नाम : – पनकी तापीय विस्तार योजना, नेयवेली लिग्नाइट पावर प्लांट और कानपुर मेट्रो।

हमने रखी जिसकी नींव, वो (भाजपा सरकार) गा रहे हैं उसके गीत। यादव ने कभी कपड़ा उत्पादन के लिए मशहूर रही कानपुर की लाल इमली फैक्ट्री के बारे में सरकार से सवाल करते हुए कहा, कानपुर में लाल इमली के बारे में भाजपा सरकार की कोई योजना है क्या? प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शुक्रवार को कानपुर के दौरे पर रहेंगे, जहां वह 47,573 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 15 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।

इस दौरान वह कानपुर मेट्रो रेल परियोजना के चुन्नीगंज से कानपुर सेंट्रल तक के नए भूमिगत सेक्शन का उद्घाटन और घाटमपुर में 660 मेगावाट की तीन इकाइयों और पनकी में एक तापीय विद्युत परियोजना की शुरूआत करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी 441 करोड़ रुपये से अधिक की तीन नई परियोजनाओं का शिलान्यास भी करेंगे, जिनमें कानपुर और आसपास के क्षेत्रों के स्मार्ट इंफ्रास्ट्रर, ट्रैफिक सुधार और नगरीय सेवाओं से जुड़ी योजनाएं शामिल होंगी।

ये भी पढ़ें- Tamil Nadu elections 2026: AIADMK ने जारी की 17 उम्मीदवारों की अंतिम सूची, पलानीस्वामी ने इन पर जताया भरोसा

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें