Today’s Weather 15 Dec 2025: उत्तर भारत में सर्दी धीरे-धीरे अपना रंग दिखाने लगी है। मैदानी इलाकों में सुबह-शाम घना कोहरा और धुंध छाई हुई है, हालांकि दिसंबर का आधा महीना बीत जाने के बावजूद कड़ाके की ठंड अभी पूरी तरह से नहीं जमी है। इसकी बड़ी वजह पहाड़ी क्षेत्रों में पश्चिमी विक्षोभ का कमजोर रहना बताया जा रहा है, जिसके चलते अब तक ताज़ी बर्फबारी नहीं हो सकी। मौसम विभाग के अनुसार हिमालयी क्षेत्रों में जेट स्ट्रीम के सक्रिय होने से आने वाले दिनों में मौसम का मिजाज बदल सकता है। इसके प्रभाव से पहाड़ों पर बर्फबारी और मैदानी इलाकों में तेज ठंड बढ़ने की संभावना जताई गई है।
दिल्ली से लेकर बिहार तक और राजस्थान से महाराष्ट्र तक सर्दी का असर साफ नजर आने लगा है। दिल्ली-एनसीआर में पिछले दो दिनों से घना स्मॉग छाया हुआ है। भले ही न्यूनतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई हो, लेकिन मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों में तापमान करीब 2 डिग्री तक गिरने की चेतावनी दी है।
ये भी पढ़ें- चांदी की कीमतों में आई गिरावट, सोने की चमक बरकरार, जानें क्यों बढ़ रहे दाम
उत्तर प्रदेश और बिहार के कई इलाकों में ठंड तेज हो चुकी है और अगले 24 घंटों में पारा और नीचे जा सकता है। पंजाब और हरियाणा में शीतलहर जैसे हालात बने हुए हैं। वहीं पूर्वी राजस्थान में तापमान सामान्य से काफी नीचे पहुंच गया है। मध्य प्रदेश, मध्य महाराष्ट्र और तेलंगाना में भी कड़ाके की ठंड को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ और जेट स्ट्रीम के असर से जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और अरुणाचल प्रदेश में हल्की बारिश हो सकती है। सप्ताह के अंत तक पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी के आसार हैं, जिससे मैदानी इलाकों में ठंड और बढ़ सकती है।
मौसम विभाग ने देश के 16 राज्यों में घने कोहरे और शीतलहर का अलर्ट जारी किया है। तेलंगाना और आंतरिक कर्नाटक में सबसे गंभीर ठंड की चेतावनी दी गई है, जहां अगले 24 से 36 घंटे चुनौतीपूर्ण रह सकते हैं।
Watch Video- Phagwara ‘ਚ ਨਹੀਂ ਦਿਖਿਆ ਜ਼ਿਲ੍ਹਾ ਪ੍ਰੀਸ਼ਦ ਤੇ ਪੰਚਾਇਤ ਸਮਿਤੀ ਚੋਣਾਂ ਦਾ ਅਸਰ, ਮਾਹੌਲ ਠੰਡਾ
हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, मध्य प्रदेश, पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, ओडिशा और पूर्वोत्तर राज्यों में घना कोहरा छाने की आशंका है। पूर्वी राजस्थान में तापमान सामान्य से 4 से 5 डिग्री तक नीचे जा सकता है।
आने वाले 24 घंटों में उत्तर भारत में ठंड के अनुकूल हालात बने रहेंगे। दिन में धूप निकलने से कुछ राहत मिल सकती है, लेकिन कई राज्यों में तापमान अब भी सामान्य से नीचे बना रहेगा। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और ठंड से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है।