Today’s Weather 29 Nov 2025: देश के विभिन्न हिस्सों में मौसम तेजी से करवट ले रहा है। उत्तर भारत जहां शीतलहर, कोहरे और गिरती तापमान का सामना कर रहा है, वहीं दक्षिण भारत में चक्रवाती तूफान ‘दितवाह’ भारी बारिश और तेज हवाओं का खतरा लेकर पहुंच चुका है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) लगातार अलर्ट और अपडेट जारी कर रहा है, ताकि लोग सावधान और तैयार रह सकें।
दिल्ली में ठंड, कोहरा और बिगड़ी हवा
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कड़ाके की ठंड ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। हवा की गुणवत्ता लगातार बिगड़ रही है और कई इलाकों में शुक्रवार को AQI 400 से ऊपर दर्ज किया गया, जो ‘गंभीर’ स्तर में आता है। सुबह और रात के तापमान में गिरावट बनी हुई है, वहीं हल्का कोहरा विजिबिलिटी को भी प्रभावित कर रहा है। सफदरजंग वेधशाला के अनुसार आज सुबह 7:30 बजे दृश्यता 500 मीटर तक सीमित रह गई, जिसके चलते यातायात प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई।
उत्तर प्रदेश में कोहरे की दस्तक, लेकिन मौसम रहेगा सूखा
उत्तर प्रदेश में फिलहाल शीतलहर धीरे-धीरे असर दिखा रही है। 29 और 30 नवंबर को राज्य के पश्चिमी और पूर्वी दोनों हिस्सों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। IMD का कहना है कि सुबह और देर रात के समय हल्का कोहरा छा सकता है। 1 दिसंबर से 4 दिसंबर तक भी मौसम साफ रहने की संभावना है। ठंड बढ़ेगी, लेकिन फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं।
दक्षिण भारत पर चक्रवात ‘दितवाह’ का प्रहार
दक्षिण भारत में इस समय सबसे बड़ा खतरा चक्रवाती तूफान ‘दितवाह’ का है, जो श्रीलंका तट और दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के पास सक्रिय है। मौसम विभाग के अनुसार, तमिलनाडु और पुडुचेरी में 28–30 नवंबर के दौरान भारी से अत्यधिक भारी बारिश, तटीय आंध्र प्रदेश और रायलसीमा में 29 नवंबर से 1 दिसंबर तक तेज बारिश और तेज हवाएं, तटीय क्षेत्रों में समुद्र उथल-पुथल की चेतावनी, मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह जारी की है।
IMD के नवीनतम अनुमानों के अनुसार विभिन्न क्षेत्रों में तापमान के रुझान इस प्रकार हैं:
उत्तर भारत: अगले 48 घंटे तापमान में स्थिरता, उसके बाद 2–4°C गिरावट
मध्य भारत: शुरुआती दो दिनों में कोई खास बदलाव नहीं, फिर 2–3°C की बढ़ोतरी
पूर्वी भारत: अगले 4 दिनों तक तापमान स्थिर रहेगा, इसके बाद 2–3°C की गिरावट संभव
महाराष्ट्र: आने वाले 3 दिन तापमान में 2–3°C की बढ़ोतरी
गुजरात: 48 घंटे बाद तापमान में 3–4°C की बढ़त
पूर्वोत्तर राज्य: अगले 5 दिनों तक तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं
कई राज्यों में कोहरा और शीतलहर का अलर्ट
IMD ने चेतावनी जारी की है कि हिमाचल प्रदेश, दिल्ली-NCR, हरियाणा, चंडीगढ़ और पूर्वी राजस्थान के कई हिस्सों में अगले दिनों में घना कोहरा छा सकता है। इसी के साथ 3–5 दिसंबर के बीच राजस्थान में शीतलहर चलने की संभावना जताई गई है, जो जनजीवन को प्रभावित कर सकती है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...